कटिहार से राणा सिंह की रिपोर्ट Katihar News : 102 एंबुलेंस कर्मचारियों को पिछले चार महीने से वेतन नहीं मिलने, दुर्घटना बीमा, नियुक्ति पत्र, श्रम संसाधन विभाग द्वारा घोषित न्यूनतम मजदूरी समेत अन्य मांगों को लेकर जिला पदाधिकारी से शिकायत की गयी थी. इसके बाद जिला पदाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को श्रम अधीक्षक पीटर मिंज सदर अस्पताल पहुंचे और एंबुलेंस चालकों व ईएमटी कर्मियों की समस्याओं से रूबरू हुए. इस दौरान श्रम अधीक्षक ने कर्मचारियों की सभी समस्याओं को विस्तार से सुना और उन्हें लिखित रूप में दर्ज किया, मौके पर संघ के संरक्षक के साथ बड़ी संख्या में एंबुलेंस चालक और ईएमटी कर्मी उपस्थित रहे. संघ के मुख्य संरक्षक विकास सिंह ने बताया कि जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी को मांग पत्र सौंपकर कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि जैन प्लस एजेंसी द्वारा कर्मचारियों को लगभग चार माह से वेतन नहीं दिया गया है. साथ ही भविष्य निधि, कर्मचारी राज्य बीमा, न्यूनतम मजदूरी, दुर्घटना बीमा और नियुक्ति पत्र जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं दी जा रही हैं. एजेंसी पर कर्मचारियों के साथ मनमानी और अवैध वसूली के भी आरोप लगाए गए हैं. श्रम अधीक्षक पीटर मिंज ने जांच के दौरान सिविल सर्जन जितेंद्र नाथ सिंह, एजेंसी के सीएल कुंवर सिंह, पवन कुमार सहित संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर बकाया वेतन का शीघ्र भुगतान और श्रम अधिनियम के पूर्ण अनुपालन का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं हुईं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं संघ के संरक्षक विकास सिंह ने कहा कि जिला पदाधिकारी के निर्देश पर की जा रही इस कार्रवाई से एंबुलेंस कर्मियों में उम्मीद जगी है कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा,
Katihar News : चार माह से वेतन नहीं मिलने पर 102 एंबुलेंस कर्मियों का आक्रोश
102 एंबुलेंस कर्मचारियों को पिछले चार महीने से वेतन नहीं मिलने, दुर्घटना बीमा, नियुक्ति पत्र, श्रम संसाधन विभाग द्वारा घोषित न्यूनतम मजदूरी समेत अन्य मांगों को लेकर जिला पदाधिकारी से शिकायत की गयी थी.
