Kaimur News : कैमूर जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में खेत जाने के दौरान एक युवक के साथ मारपीट की घटना सामने आई है. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. इलाज के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
खेत जाने के दौरान रास्ते में रोका
घायल युवक की पहचान रामपुर निवासी भागवत बिंद के पुत्र रोहित बिंद के रूप में हुई है. रोहित ने चैनपुर थाने में दिए आवेदन में बताया कि वह अपने घर से खेत की ओर जा रहा था. इसी दौरान गांव की गली में दिलीप बिंद, वंसरोपन बिंद और नितेश बिंद ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी.
विरोध करने पर की मारपीट
आवेदन के अनुसार, गाली-गलौज का विरोध करने पर तीनों आरोपितों ने रोहित के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. शोर सुनकर पहुंचे परिजनों ने बीच-बचाव किया और उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
एफआईआर दर्ज, जांच शुरू
थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल के आवेदन के आधार पर तीनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
