सड़क दुर्घटना में महिला स्वास्थ्य कर्मी की मौत

शुक्रवार की सुबह भभुआ सीएचसी में ड्यूटी करने बेटे के साथ स्कूटी पर आ रही एक चतुर्थवर्गीय महिला स्वास्थ्य कर्मी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी

भभुआ सदर. शुक्रवार की सुबह भभुआ सीएचसी में ड्यूटी करने बेटे के साथ स्कूटी पर आ रही एक चतुर्थवर्गीय महिला स्वास्थ्य कर्मी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. मृत महिला स्वास्थ्य कर्मी थाना क्षेत्र के कामता गांव निवासी शिवशंकर सिंह की 50 वर्षीय पत्नी धर्मशीला देवी बतायी जाती है. घटना के संबंध में पता चला है कि महिला स्वास्थ्य कर्मी प्रतिदिन की तरह ही शुक्रवार को सुबह नौ बजे भभुआ सीएचसी में ड्यूटी करने अपने बेटे वकील सिंह के साथ स्कूटी से आ रही थी. आने के क्रम में ही डीपीएस स्कूल भभुआ के समीप गेहूं के पटवन के लिए लगाये गये लोहे के पाइप पर स्कूटी अनियंत्रित हो गयी और पीछे बैठी महिला स्वास्थ्य कर्मी गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गयी. घायलावस्था में महिला स्वास्थ्य कर्मी को इलाज के लिए तत्काल ही सदर अस्पताल लाया गया, जहां इमरजेंसी में तैनात डॉ विनय तिवारी ने जांच कर महिला स्वास्थ्य कर्मी को मृत घोषित कर दिया. मौत के बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गयी. इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कर शव का पोस्टमार्टम कराया. इधर, घटना की जानकारी पर सदर अस्पताल में भभुआ सीएचसी सहित सदर अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों सहित कामता गांव के लोगों की भीड़ जुट गयी. पता चला है कि महिला स्वास्थ्य कर्मी के दो बेटे हैं. = स्वास्थ्य कर्मी की मौत पर कर्मियों ने जताया दुख शुक्रवार को सुबह ड्यूटी पर आने के दौरान सड़क हादसे की शिकार हुई संविदा पर तैनात चतुर्थवर्गीय महिला स्वास्थ्य कर्मी धर्मशीला देवी की मौत पर सहयोगी स्वास्थ्य कर्मियों सहित उनके जानने वालों ने गहरा दुख व्यक्त किया है. सहकर्मियों का कहना था कि मृत कर्मी काफी सहयोगी और मिलनसार थी. वह किसी के भी सुख-दुख में शामिल हो जाती थी. कर्मियों का कहना था कि उन्होंने अपनी मेहनत के बदौलत अपने दो बच्चों को इंजीनियर और अधिवक्ता बनाया है. शुक्रवार को अचानक महिला स्वास्थ्य कर्मी की मौत पर लोग मर्माहत रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >