कैमूर: भभुआ में PTM से लौट रही महिला के गले से उड़ाई 1.5 लाख की सोने की चेन, ई-रिक्शा में सवार महिला गिरोह पर आरोप

भभुआ में टीचर-पैरेंट्स मीटिंग से लौट रही महिला के गले से ई-रिक्शा सवार महिलाओं ने डेढ़ लाख रुपये की सोने की चेन उड़ा ली. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Kaimur News: भभुआ शहर के एक निजी विद्यालय में आयोजित पेरेंट-टीचर मीटिंग (PTM) से ई-रिक्शा पर सवार होकर घर लौट रही एक महिला के गले से जालसाज महिलाओं द्वारा करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन चुरा लिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना को लेकर शहर के वार्ड संख्या 11, चकबंदी रोड निवासी संजीव कुमार की पत्नी कविता कुमारी ने भभुआ थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है.

स्कूल से लौटते समय ई-रिक्शा में सवार हुईं संदिग्ध महिलाएं

पीड़िता कविता कुमारी ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि वह 27 अगस्त को सुबह 10 बजे भभुआ-मोहनिया मुख्य मार्ग पर स्थित डीएवी किड्स स्कूल में आयोजित टीचर-पेरेंट्स मीटिंग में शामिल होने गई थीं. सुबह करीब 10:30 बजे बैठक समाप्त होने के बाद वह अपनी मासूम बेटी और ससुर के साथ स्कूल के सामने से एक ई-रिक्शा पर सवार होकर अपने घर लौट रही थीं. रास्ते में कुछ दूर आगे बढ़ने पर तीन अज्ञात महिलाएं भी उसी ई-रिक्शे पर आकर बैठ गईं.

ससुर के आगे बैठते ही दिया घटना को अंजाम

पीड़िता के अनुसार, रास्ते में कुछ दूरी तय करने के बाद एक और महिला ई-रिक्शा पर सवार होने लगी. जगह की कमी को देखते हुए महिला के ससुर पीछे से उठकर ई-रिक्शा चालक के पास आगे वाली सीट पर जाकर बैठ गए. इसी दौरान पीछे बैठी संदिग्ध महिलाओं ने भीड़ का फायदा उठाकर बड़ी चालाकी से कविता कुमारी के गले से डेढ़ लाख रुपये कीमत की सोने की चेन उड़ा ली. जब पीड़िता अपने घर के समीप ई-रिक्शा से नीचे उतरी, तब उसे गले से चेन गायब होने का अहसास हुआ.

पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज, जांच शुरू

पीड़ित महिला ने ई-रिक्शा में सहयात्री बनकर बैठी संदिग्ध महिलाओं के संगठित गिरोह पर सोने की चेन उड़ाने का आरोप लगाते हुए भभुआ थाना पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है. भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर थाने में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस ई-रिक्शा मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल कर संदिग्ध महिलाओं की शिनाख्त और मामले की सघन जांच में जुट गई है.

Also Read: कैमूर: भभुआ के नखतौल में सोते समय जहरीले सांप ने डसा, 24 वर्षीय युवक की मौत; झाड़-फूंक के लिए शव लेकर भटके परिजन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमित कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >