Kaimur News : अधिकारी व नागरिक समय से करेंगे काम, तभी होगा जिले का विकास : डीएम

जिले के प्रत्येक अधिकारी हों या नागरिक उसका पहला कर्तव्य है कि वे अपने कार्यों का समय पर निष्पादन करें, अगर प्रत्येक व्यक्ति व अधिकारी अपने कार्यों का समय से निष्पादन करेंगे, तभी जिले का विकास हो सकता है

भभुआ नगर. जिले के प्रत्येक अधिकारी हों या नागरिक उसका पहला कर्तव्य है कि वे अपने कार्यों का समय पर निष्पादन करें, अगर प्रत्येक व्यक्ति व अधिकारी अपने कार्यों का समय से निष्पादन करेंगे, तभी जिले का विकास हो सकता है. उक्त बातें जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने सोमवार को शहर के लिच्छवी भवन में जिला स्थापना दिवस के मौके पर कहीं. आयोजित समारोह के उद्घाटन के दौरान जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों व लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जिले के अगर सभी विभागों की रैंकिंग रिपोर्ट अच्छी है, तो माना जायेगा कि जिले का सही मायने में विकास हुआ है. साथ ही कहा अधिकारी व आवास सहायक का कर्तव्य है कि प्रत्येक गरीब व्यक्तियों को आवास मिले, इसमें जनप्रतिनिधियों की भी भूमिका महत्वपूर्ण है कि जनप्रतिनिधि गरीब व्यक्तियों को आवास दिलाने में सहयोग करें, तभी जिले का विकास होगा. साथ ही कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा लगातार विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती की जा रही है, फिर भी आये दिन विद्यालयों में लड़ाई झगड़ा या कई समस्या सामने आती है, अधिकारी व व्यक्ति सभी को इसे लेकर अपने आप में सुधार लाना होगा, तभी जिले का विकास हो सकता है. इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने भी कार्यक्रम का संबोधन किया व जिले के विकास के लिए कई सुझाव दिये. दरअसल, प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी धूमधाम से जिला स्थापना दिवस शहर के लिच्छवी भवन में मनाया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक हरि मोहन शुक्ला व अपर समाहर्ता ओमप्रकाश मंडल द्वारा संयुक्त रूप से दीप जला कर किया गया. जिला स्थापना दिवस के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं व स्थानीय कलाकारों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिये. गौरतलब है कि 1991 में रोहतास जिला से अलग कैमूर जिले की स्थापना 17 मार्च को हुई थी. कैमूर जिला अलग होने के बाद 1991 से लगातार 17 मार्च को जिले में स्थापना दिवस मनाया जाता है. जिला स्थापना दिवस के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम व छात्र-छात्राओं के बीच रंगोली, पेंटिंग आदि विभिन्न प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाता है. = पल-पल तुम रहती हो दिल के पास ….. जिला स्थापना दिवस के मौके पर संस्कृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में स्थानीय कलाकार कैमूर कोकिला अनुराधा रस्तोगी, तनु यादव, ढुनमुन रसिया सहित कई कलाकारों ने अपने सुर ताल से कार्यक्रम में समां बांध दिया. हालांकि, कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त ज्ञान प्रकाश ने पल पल तुम रहती हो दिल के पास…. गीत की शानदार प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिये, इस दौरान तालिया की गड़गड़ाहट से पूरा भवन गुंजायमान हो उठा. = बेहतर प्रदर्शन करने वाले 25 लोगों को किया गया सम्मानित जिला स्थापना दिवस के मौके पर विभिन्न खेल, स्वास्थ्य, संगीतववं अन्य क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिले के 25 खिलाड़ी व अन्य कलाकार सहित अपने कार्यों का ठीक ढंग से निर्वहन करने वाले कर्मियों व अधिकारियों को जिला पदाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. इस दौरान मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी विजय प्रसाद, प्रभारी जिला परिवहन पदाधिकारी करिश्मा कुमारी, वरीय उपसमाहर्ता गौरव कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी अक्षय पांडे सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhanjay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >