कैमूर में जिलेबिया मोड़ पर हादसा: ब्रेक फेल होते ही 15 फीट नीचे गिरी बाइक, युवक की मौत, चालक गंभीर

भगवानपुर के वनसत्ती देवी घाटी के जिलेबिया मोड़ पर बाइक दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल है। ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा।

भगवानपुर-अधौरा पथ के वनसत्ती देवी घाटी स्थित जिलेबिया मोड़ पर रविवार सुबह करीब 8 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय टुनटुन चौधरी की मौत हो गयी, जबकि बाइक चालक 21 वर्षीय मौसम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक भगवानपुर गांव निवासी काजर चौधरी का पुत्र था. वहीं घायल मौसम कुमार सोनहन थाना क्षेत्र के हर्नाटांड़ गांव निवासी वीरेंद्र यादव का पुत्र है.

ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हुई बाइक

घायल बाइक चालक मौसम कुमार के अनुसार, वह अधौरा के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र स्थित जमुआ में भैंसों के अड़ार से रोजाना दूध लेकर भभुआ जाता था. रविवार को भी वह दूध लेकर जा रहा था. मसान बाबा के पास भगवानपुर निवासी दूध कारोबारी टुनटुन चौधरी उसकी बाइक पर बैठ गया. दोनों वनसत्ती देवी घाटी से उतर रहे थे, तभी जिलेबिया मोड़ के पास अचानक बाइक का ब्रेक फेल हो गया.

15 फीट नीचे जा गिरी बाइक

ब्रेक फेल होने के बाद खतरनाक मोड़ पर बाइक टर्न नहीं कर पायी. इसके बाद बाइक सड़क के निचले हिस्से में करीब 15 फीट नीचे जा गिरी. हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गये. दुर्घटना के बाद अधौरा की ओर से भगवानपुर जा रहे एक पिकअप चालक ने दोनों घायलों को भगवानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.

अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी टुनटुन की मौत

सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ चंदन कुमार ने बताया कि टुनटुन चौधरी की हालत बेहद नाजुक थी. उसके शरीर में अंदरूनी गंभीर चोटें आयी थीं. चिकित्सकों ने सीपीआर और ऑक्सीजन देने के साथ तत्काल प्राथमिक उपचार किया और एंबुलेंस से सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया. हालांकि, चिकित्सकों के अनुसार सदर अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो चुकी थी. सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया.

घायल चालक का चल रहा इलाज

मौसम कुमार को भी हादसे में गंभीर चोटें आयी हैं. सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ रेफर किया गया. चिकित्सक के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बतायी जा रही है. सदर अस्पताल में उसके पिता की मौजूदगी में इलाज जारी था.

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी

हादसे के बाद मृतक के परिजनों में मातम छा गया. खबर लिखे जाने तक सदर अस्पताल में टुनटुन चौधरी के शव के पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रिया चल रही थी. वहीं हादसे को लेकर स्थानीय स्तर पर भी शोक का माहौल बना हुआ है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pankaj singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >