Kaimur News : कैमूर में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के अभियान के तहत दुर्गावती थाना पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए धनेच्छा गांव के पास से 11.40 लीटर ब्लू लाइम मसाला देशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया. इस दौरान शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस को सूचना मिली थी कि यूपी की ओर से बाइक पर शराब लेकर दो तस्कर बिहार में प्रवेश करने वाले हैं. सूचना के बाद धनेच्छा गांव के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया. जांच के दौरान संदिग्ध बाइक (BR45T1233) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 11.40 लीटर ब्लू लाइम मसाला देशी शराब बरामद हुई.
दोनों आरोपी भभुआ थाना क्षेत्र के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष बिंद (29 वर्ष), पिता भिखारी बिंद तथा राहुल कुमार (19 वर्ष), पिता रामावतार बिंद, दोनों निवासी सैदरा गांव, थाना भभुआ, जिला कैमूर के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
बिहार मद्य निषेध अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने बरामद शराब और मोटरसाइकिल को जब्त कर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
सीमा क्षेत्र में लगातार चल रहा अभियान
दुर्गावती थाना पुलिस ने बताया कि बिहार-यूपी सीमा पर शराब तस्करी रोकने के लिए लगातार वाहन जांच और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
