Kaimur News : दिल्ली-कोलकाता हाईवे स्थित समेकित जांच चौकी के उत्पाद चेकपोस्ट पर मंगलवार अहले सुबह उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. टीम ने एक 14 चक्का ट्रक से करीब 4815 लीटर शराब बरामद की. जब्त शराब की अनुमानित कीमत 70 से 75 लाख रुपये बतायी जा रही है. मामले में ट्रक चालक और सहचालक को गिरफ्तार किया गया है.
गोबर की खाद के बीच बनाया था गुप्त तहखाना
उत्पाद विभाग के अनुसार, यूपी की ओर से आ रहे ट्रक संख्या PB13B8166 को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गयी. ट्रक में सड़े हुए गोबर जैसी खाद लदी थी. पहली नजर में ट्रक सामान्य मालवाहक वाहन नजर आ रहा था, लेकिन तलाशी के दौरान टीम को खाद के बीच लोहे का गुप्त तहखाना मिला. तहखाना खोलने पर उसके अंदर शराब की बड़ी खेप बरामद हुई.
पंजाब से बिहार पहुंचाई जा रही थी शराब
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा निवासी नितेश कुमार और विकास कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ में उत्पाद विभाग को जानकारी मिली कि शराब की खेप पंजाब से बिहार लायी जा रही थी. तस्करों ने शराब को छिपाने के लिए ट्रक में विशेष तरीके से गुप्त तहखाना तैयार कराया था.
बोतलों से बैच नंबर तक मिटाये
उत्पाद विभाग के मुताबिक, तस्करों ने शराब की पहचान छिपाने के लिए बोतलों पर दर्ज बैच नंबर तक मिटा दिये थे. इससे आशंका है कि खेप को बिहार में आगे कारोबारियों तक पहुंचाने की तैयारी थी. विभाग अब शराब की खेप से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है.
गुप्त सूचना पर पकड़ा गया ट्रक
उत्पाद चेकपोस्ट प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर वाहनों की जांच की जा रही थी. इसी दौरान ट्रक को रोककर तलाशी ली गयी. जांच के दौरान लोहे के गुप्त तहखाने में छिपाकर रखी करीब 4815 लीटर शराब बरामद हुई. उन्होंने बताया कि जब्त शराब की कीमत करीब 70 से 75 लाख रुपये आंकी गयी है.
तस्करी नेटवर्क खंगाल रही उत्पाद विभाग की टीम
गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. उत्पाद विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की खेप बिहार में कहां पहुंचायी जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं. अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ और जांच के आधार पर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
