Kaimur News : भभुआ थाना क्षेत्र के सिकठी नहर के पास महिला को कथित रूप से केमिकल सुंघाकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने पति-पत्नी समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पूरे मामले की जानकारी रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में भभुआ एसडीपीओ ओमप्रकाश ने दी.
महिला को अचेत कर लूटे थे जेवर और नकदी
एसडीपीओ ने बताया कि 12 जुलाई 2026 को भभुआ थाना क्षेत्र के बहेरी गांव निवासी नीलम देवी बाजार जा रही थीं. इसी दौरान सिकठी नहर के समीप डुमरी गांव निवासी रामप्रवेश मुसहर और उसकी पत्नी अनीता देवी ने कथित रूप से महिला को केमिकल सुंघाकर अचेत कर दिया और उसके सोने-चांदी के आभूषण तथा नगदी लेकर फरार हो गए. पीड़िता के आवेदन पर 20 जुलाई को भभुआ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
पूछताछ में खुला पूरा राज
मामले की जांच के दौरान थानाध्यक्ष मुकेश कुमार और एएसआई हरे राम ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उन्होंने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि लूटे गए आभूषण दुर्गावती थाना क्षेत्र के डिड़खली गांव निवासी डब्लू सेठ को बेच दिए थे.
जेवर खरीदने वाला सेठ भी गिरफ्तार
आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने डब्लू सेठ को भी गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है. पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
तीनों आरोपित न्यायिक हिरासत में
एसडीपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि तीनों आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
