kaimur News : एकता चौक को जाम कर किया प्रदर्शन

विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के खिलाफ सड़क पर उतरे बंद समर्थक, महागठबंधन के नेताओं ने लगाये सरकारी विरोधी नारे

भभुआ सदर. बिहार में चुनाव आयोग के द्वारा चलाये जा रहे विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के खिलाफ महागठबंधन के राज्यव्यापी चक्का जाम और बंद का जिले में मिला-जुला असर रहा. महागठबंधन के नेताओं ने दुर्गावती और कुदरा में कुछ देर के लिए जीटी रोड को जाम किया. वहीं, केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. वहीं, मोहनिया और जिला मुख्यालय भभुआ में भी महागठबंधन के नेताओं ने सड़क पर उतरकर रोड जाम कर धरना-प्रदर्शन किया. जिला मुख्यालय भभुआ में महागठबंधन के नेता सुबह 11 बजे जयप्रकाश चौक से पैदल मार्च करते हुए एकता चौक पहुंचे. साथ ही चुनाव आयोग के अभियान के खिलाफ जमकर नारे लगाते हुए एकता चौक को लगभग एक घंटे तक जाम कर दिया. विरोध प्रदर्शन में राजद जिलाध्यक्ष अकलू राम, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राधेश्याम कुशवाहा, राजद जिला प्रधान महासचिव भोलानाथ सिंह, वाम दल की प्रोफेसर कमला सिंह, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष हरी तिवारी, राजद नेता असलम अंसारी, मुकेश कुमार सिंह सहित महागठबंधन के सभी घटक दल के नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. एकता चौक पर महागठबंधन के नेताओं व कार्यकर्ताओं के सड़क जाम कर बैठ जाने से एकता चौक की ओर से लगभग एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा. एकता चौक जाम रहने से दोपहिया और छोटी चारपहिया वाहन खादी भंडार वाली गली से आते जाते रहे. इधर, सड़क जाम और धरना प्रदर्शन के दौरान एसडीपीओ भभुआ शिवशंकर कुमार पहुंचे और प्रदर्शनकारियों व नेताओं से बात की. इसके उपरांत टाउन थाने की पुलिस ने शांति व विधि व्यवस्था को लेकर महागठबंधन के नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने लेते आयी. महागठबंधन के बुलाये गये बंद के संबंध में एसडीपीओ ने बताया कि भभुआ अनुमंडल क्षेत्र में बंद शांतिपूर्ण निबटा लिया गया है और कही से कोई अप्रिय घटना की सूचना नही मिली है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PANCHDEV KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >