होली से पहले यूपी के सीमाई क्षेत्रों में पुलिस की बढ़ी सख्ती, शराब के साथ पकड़े जा रहे तस्कर

अगले महीने आने वाले होली के त्योहार में शराब पर पाबंदी लगाने की तैयारी कैमूर पुलिस ने अभी से ही शुरू कर दी है.

धंधेबाजों पर नकेल कसने को लेकर एसपी ने बनायी विशेष रणनीति पुलिस चलायेगी सघन छापेमारी अभियान, लापरवाही पर होगी कार्रवाई. भभुआ सदर. अगले महीने आने वाले होली के त्योहार में शराब पर पाबंदी लगाने की तैयारी कैमूर पुलिस ने अभी से ही शुरू कर दी है. पुलिस की बढ़ी सख्ती से पिछले चार दिनों के अंदर एनएच-2 सहित रामगढ़, नुआंव आदि से लगते यूपी के सीमाई क्षेत्रों से भारी मात्रा में देशी-विदेशी शराब के साथ तस्कर पकड़े गये हैं. इधर, शराब धंधेबाजों पर नकेल कसने को लेकर एसपी हरिमोहन शुक्ल ने विशेष रणनीति तैयार की है. इसके तहत एसपी ने क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों, एसआइ, एएसआइ व एलटीएफ को कई बिंदुओं पर कार्रवाई को लेकर निर्देश दिया है. एसपी ने अपने दिये निर्देश में कहा है कि राज्य में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है. होली पर्व से पूर्व दूसरे राज्यों से चोरी-छिपे शराब लाकर उसका सेवन, भंडारण व बिक्री की संभावना बढ़ सकती है, तो सुदूर देहाती क्षेत्रों में मिलावटी व जहरीली शराब बनाने व बेचे जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है. इसके मद्देनजर क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों को शराब के धंधेबाजों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिये गये हैं, ताकि पर्व-त्योहार में किसी तरह की बड़ी अप्रिय घटना नहीं हो सके. शराब के धंधे में सक्रिय लोगों की पहचान कर उन पर नकेल कसने के निर्देश एसपी ने दिये हैं. इसके अलावा सभी थानाध्यक्ष अपने क्षेत्रों के शराब तस्करी के रूट को चिह्नित कर सघन जांच अभियान चलायेंगे. किसी भी परिस्थिति में अवैध जहरीली शराब के सेवन से बड़ी घटना न हो, इसके लिए सभी को अलर्ट रहने को कहा गया है. रात के समय सभी शीर्ष पुलिस अधिकारी, इंस्पेक्टर व पुलिस केंद्र के पदाधिकारी निकलकर सघन जांच करेंगे. छापेमारी के दौरान पुलिस बलों की पर्याप्त संख्या सुनिश्चित करने की जरूरत का निर्देश भी एसपी द्वारा दिया गया है. उन्होंने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही पायी जाती है, तो दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी. प्रतिदिन की गयी कार्रवाई का प्रतिवेदन इ-मेल के जरिये कार्यालय को उपलब्ध कराना होगा. एसपी ने बताया कि अभियान में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >