17 अप्रैल को होगी पंचायत समिति की सातवीं बैठक, योजनाओं पर लगेगी मुहर

पंचायत चुनाव से पूर्व निर्वाचित सदस्यों की अंतिम बैठक होने के आसार

पंचायत चुनाव से पूर्व निर्वाचित सदस्यों की अंतिम बैठक होने के आसार. वित्तीय वर्ष 2026-27 की विकास योजनाओं को सदन में किया जायेगा पारित मोहनिया सदर. आगामी 17 अप्रैल को पंचायत समिति की सातवीं बैठक आयोजित की जायेगी. इसको लेकर प्रमुख पुनीता देवी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन देकर पंचायत समिति की बैठक से जुड़े सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व कर्मियों को उक्त तिथि को सदन में उपस्थित रहने का आग्रह किया है. इस बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कई योजनाओं को पारित किया जा सकता है. सूत्रों की मानें तो पंचायत चुनाव 2021 में निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों की यह अंतिम बैठक हो सकती है. इसके पूर्व पंचायत समिति की छठवीं बैठक 21 अप्रैल 2025 को प्रखंड मुख्यालय स्थित बीआरजीएफ भवन में आयोजित हुई थी. राशि के अभाव में लंबे समय से पंचायत समिति की बैठक नहीं करायी जा रही थी. जबकि, पंचायत के विकास के लिए प्रत्येक दो माह के अंतराल पर पंचायत समिति की सामान्य बैठक बुलाये जाने का प्रावधान है. वहीं, विशेष बैठक किसी भी समय बुलायी जा सकती है. पंचायत समिति सदस्यों के लिए यह अंतिम मौका होगा जब वे अपने क्षेत्र के विकास के लिए जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं को पारित करेंगे. पंचायत समिति की यह बैठक पंचायत के विकास के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है. पंचायत चुनाव 2026 का समय भी धीरे-धीरे करीब आ रहा है, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि पंचायत समिति की यह अंतिम बैठक होगी. जनप्रतिनिधियों के पास वित्तीय वर्ष 2026-27 में पारित होने वाली योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए समय भी काफी कम रह गया है, इसलिए हर पंचायत समिति सदस्य यह चाहेगा कि आगामी चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पूर्व वह चयनित योजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करे. वर्तमान समय में पंचायत समिति सदस्यों की संख्या 22 से घटकर 21 हो चुकी है, क्योंकि भोखरी भाग दो से निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य रामटहल सिंह के अपने पद से इस्तीफा देने के बाद अब इनकी संख्या घटकर 21 हो गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >