भभुआ उत्पाद थाने के हाजत से चकमा देकर फरार हुआ शराब तस्कर

भुआ स्थित उत्पाद थाने की लापरवाही से सोमवार शाम को पकड़ा गया एक शराब तस्कर पुलिस को चकमा देकर फिर भाग खड़ा हुआ.

भभुआ सदर. भभुआ स्थित उत्पाद थाने की लापरवाही से सोमवार शाम को पकड़ा गया एक शराब तस्कर पुलिस को चकमा देकर फिर भाग खड़ा हुआ. मालूम हो पुलिस व गृहरक्षकों की लापरवाही के चलते इसके पूर्व भी तीन बार थाने के हाजत व शौचालय से पकड़े गये तस्कर भाग चुके हैं. सोमवार शाम साढ़े पांच बजे उत्पाद थाने के हाजत से फरार हुआ शराब तस्कर यूपी के गाजीपुर जिला अंतर्गत जमानिया थानाक्षेत्र के हरपुर गांव निवासी रामजीत यादव का 24 वर्षीय बेटा राजेश यादव बताया जाता है. भभुआ उत्पाद थाने के निरीक्षक मद्य निषेध सह थानाध्यक्ष विनीत कुमार ने हाजत से फरार हुए शराब तस्कर के खिलाफ भभुआ नगर थाने में एफआइआर दर्ज करायी है. उत्पाद थानाध्यक्ष ने दर्ज एफआइआर में बताया है कि 17 तारीख को अखिनी चेकपोस्ट से शराब तस्कर राजेश यादव को 52.560 लीटर अंग्रेजी शराब बाइक से लाने के दौरान पकड़ा गया था. बाइक से शराब बरामद करने के बाद अखिनी चेकपोस्ट प्रभारी एएसआइ मद्य निषेध सतीश कुमार निराला द्वारा तस्कर को गिरफ्तार कर भभुआ उत्पाद थाना लाया गया था, जिसे हाजत में बंद कर उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी गृहरक्षक कृष्णकांत त्रिपाठी को दी गयी थी. मामले में दर्ज केस का अनुसंधान भी उनके द्वारा किया जाना था. इसी बीच 17 मार्च सोमवार को शाम साढ़े पांच बजे उक्त तस्कर चकमा देते हुए उत्पाद थाने के हाजत से फरार हो गया. कैदी के भागने के उपरांत काफी खोजबीन की गयी, लेकिन उसका पता नहीं चला. मामले में उत्पाद थानाध्यक्ष ने फरार शराब तस्कर के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई करने की अपील की है. भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शराब तस्कर के भागने के संबंध में एफआइआर दर्ज कर ली गयी है. सीसीटीवी फुटेज आदि से जांच पड़ताल की जा रही है. पहले भी हाजत व छत के रास्ते भाग चुके है शराब तस्कर गौरतलब है कि भभुआ उत्पाद थाने में पुलिसकर्मियों की लापरवाही के चलते इसके पूर्व भी पकड़े गये तीन शराब तस्कर हाजत व छत के शौचालय आदि से फरार हो चुके हैं. इसके पूर्व 22 दिसंबर 2024 को उत्पाद थाने की छत से एक शराब तस्कर हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ थानाक्षेत्र के डाबोढाखुर्द गांव निवासी शाहिल पिता बंटू भाग गया था. तस्कर को रामगढ़ थानाक्षेत्र के बहपुरा पुल के समीप से आई ट्वेंटी कार से बरामद 216 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ पकड़ा गया था. लेकिन, पकड़ा गया तस्कर शौचालय जाने के बाद हाथ धोने के दौरान गृहरक्षक को धक्का देकर छत से कूदकर भाग निकला था. इसके अलावा 22 दिसंबर 2022 को भी शराब तस्करी में पकड़े जाने के बाद भोजपुर जिले के पीरो थानांतर्गत इब्राहिमपुर गांव निवासी बजरंगी कुमार को भभुआ उत्पाद थाने लाया गया, लेकिन वह भी शौच जाने के बहाने थाने की छत से कूदकर भाग निकला था, जो पकड़ा नहीं गया. वहीं, 22 अक्तूबर 2019 को शराब मामले में पकड़ा गया और उत्पाद थाने में बंद रहा अधौरा थानाक्षेत्र के बभनीकला गांव निवासी यासीन आलम उर्फ मो यासीन भी गृहरक्षकों को चकमा देते हुए हथकड़ी सरका भाग निकला था. हालांकि, गृहरक्षकों की तत्परता से हथकड़ी सरका कर भागे कैदी को पुनः पकड़ लिया गया था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhanjay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >