रामपुर बेलांव थाना क्षेत्र के बेलांव पुलिया के पास बुधवार की देर शाम पुलिस ने वाहन जांच अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार युवक को रोककर गाड़ी के कागजात दिखाने को कहा. युवक कागजात नहीं दिखा सका. इसके बाद पुलिस ने बाइक की जांच की, तो उसके चोरी की होने की जानकारी मिली. पुलिस ने बाइक जब्त कर युवक को गिरफ्तार कर लिया.
सस्ते में बाइक खरीदने की बात कही
गिरफ्तार युवक की पहचान बेलांव गांव निवासी राजेश गुप्ता (45) के रूप में हुई है. वह परशुराम साह का बेटा है. पुलिस पूछताछ में राजेश ने बताया कि एक युवक उसे बाइक सस्ते में बेच रहा था. उसने बाइक खरीद ली थी. बाइक बेचने वाले युवक ने एक दिन बाद उसके कागजात देने की बात कही थी.
बाइक बेचने वाले युवक की जानकारी नहीं दी
पुलिस ने जब राजेश से बाइक बेचने वाले युवक के बारे में जानकारी मांगी, तो उसने कुछ नहीं बताया. राजेश ने पुलिस को बताया कि उसे जानकारी नहीं थी कि बाइक चोरी की है.
चंदौली से 2025 में चोरी हुई थी बाइक
पुलिस ने बाइक के नंबर और अन्य जानकारी की जांच की, तो पता चला कि बाइक उत्तर प्रदेश के चंदौली थाना क्षेत्र से 30 जून 2025 को चोरी हुई थी. इस मामले में वहां एफआईआर भी दर्ज है. बाइक बरामद होने की जानकारी चंदौली थाना पुलिस और बाइक के मालिक को दे दी गयी है.
न्यायिक हिरासत में भेजा गया युवक
बेलांव थानाध्यक्ष परमहंस कुमार ने बताया कि चोरी की बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया है और बाइक भी बरामद कर ली गयी है. गुरुवार को गिरफ्तार युवक का मेडिकल जांच कराने के बाद उसे भभुआ न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
शराब के नशे में एक और युवक गिरफ्तार
वहीं, बेलांव थाना पुलिस ने शराब के नशे में बसुहारी गांव निवासी मिथलेश कुमार चौबे को भी गिरफ्तार किया. मेडिकल जांच के बाद गुरुवार को उसे भी भभुआ न्यायालय भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और शराबबंदी को लेकर लगातार वाहन जांच और छापेमारी की जा रही है.
