कैमूर में स्कूल छोड़ चुके बच्चों को फिर मिलेगी पढ़ाई की राह, रामपुर के तीन स्कूलों में खुलेंगे विशेष प्रशिक्षण केंद्र

कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड में विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए तीन गैर-आवासीय विशेष प्रशिक्षण केंद्र खोले जा रहे हैं. ये केंद्र जुलाई 2026 से संचालित होंगे और चिन्हित बच्चों को मुफ्त शिक्षा, पाठ्य सामग्री व मध्याह्न भोजन जैसी सुविधाएं प्रदान करेंगे.

Kaimur Rampur Special Training Centers : कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड में विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए समग्र शिक्षा अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में तीन गैर-आवासीय विशेष प्रशिक्षण केंद्र खोले जाएंगे. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने संबंधित विद्यालयों को जुलाई 2026 से केंद्र शुरू करने का निर्देश जारी कर दिया है.

Kaimur News : तीन विद्यालयों में शुरू होंगे विशेष प्रशिक्षण केंद्र

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी तेजस्विनी आनंद ने मिडिल स्कूल खजुरा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय झाली और मध्य विद्यालय सबार को पत्र जारी कर विशेष प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने का निर्देश दिया है. इसकी जानकारी लेखापाल हिमांशु शेखर पांडेय ने सोमवार को दी.

सर्वे में चिन्हित बच्चों को मिलेगा प्रशिक्षण

बीईओ कार्यालय के अनुसार बजट सत्र के दौरान विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों का सर्वेक्षण कराया गया था. सर्वे में चिन्हित बच्चों की सूची के आधार पर शैक्षणिक सत्र 2026-27 में इन केंद्रों का संचालन किया जाएगा. केंद्रों में बच्चों की मैपिंग भी की जाएगी और इसके लिए एसओपी के साथ आवश्यक सूची विद्यालयों को उपलब्ध करा दी गई है.

मुफ्त पढ़ाई के साथ मिलेंगी कई सुविधाएं

इन गैर-आवासीय विशेष प्रशिक्षण केंद्रों में बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, पाठ्य सामग्री और मध्याह्न भोजन की सुविधा दी जाएगी. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद बच्चों को उनकी आयु और शैक्षणिक स्तर के अनुसार नियमित विद्यालयों में नामांकित किया जाएगा.

प्रधानाध्यापकों को तैयारी शुरू करने के निर्देश

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने तीनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को केंद्र संचालन की तैयारी तुरंत शुरू करने और चिन्हित बच्चों से संपर्क कर उन्हें विशेष प्रशिक्षण केंद्र से जोड़ने का निर्देश दिया है. समग्र शिक्षा अभियान का उद्देश्य छह से 14 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और स्कूल छोड़ चुके बच्चों को फिर से शिक्षा की मुख्यधारा में लाना है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Raju kumar

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >