Kaimur Snake Bite Youth Death : कैमूर के भगवानपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां सांप के काटने के बाद समय पर इलाज नहीं मिलने से एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान दिनेश मुसहर (21 वर्ष), पिता नंदु मुसहर, निवासी मांझी बस्ती के रूप में हुई है.
झोपड़ी में सोते समय सांप ने काटा
जानकारी के अनुसार, दिनेश मुसहर अपनी पत्नी और दुधमुंही बच्ची के साथ नहर किनारे झोपड़ी में रह रहा था. गुरुवार की रात करीब ढाई बजे सोने के दौरान एक जहरीले सांप (करैत) ने उसके हाथ की उंगली में काट लिया. घटना के बाद परिवार के लोग घबरा गए और तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक के लिए बाहर ले गए.
Kaimur News : अस्पताल की बजाय झाड़-फूंक का सहारा
परिजन युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की जगह गाजीपुर जिले के अमवा स्थित सत्ती माता दरबार ले गए, जहां घंटों तक झाड़-फूंक किया गया. इस दौरान युवक की हालत लगातार बिगड़ती गई और सुबह करीब 8 बजे उसकी मौत हो गई.
परिवार में मचा कोहराम
मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक अपने पीछे पत्नी और एक छोटी बच्ची छोड़ गया है.
Bhagwanpur News : क्षेत्र में बढ़ा खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार, नहर के चाट पर कई परिवार झोपड़ी बनाकर रहने को मजबूर हैं. बरसात के कारण चारों ओर पानी जमा है, जिससे जहरीले सांप बाहर निकलकर बस्ती तक पहुंच रहे हैं. यह स्थिति वहां रहने वाले लोगों के लिए लगातार खतरा बनी हुई है.
Rural Health Issue: जागरूकता की जरूरत
विशेषज्ञों के अनुसार, सर्पदंश के मामलों में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज कराना ही जीवन बचाने का सबसे सुरक्षित तरीका है.
अंधविश्वास के कारण ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिन पर रोक के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है.
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि समय पर सही इलाज न मिलने से जान जा सकती है. ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता और सुविधाओं का विस्तार बेहद आवश्यक है.
