बोलेरो ने यात्रियों से भरी ऑटो में मारी टक्कर, पति की दर्दनाक मौत, पत्नी की हालत गंभीर, बच्चे सहित पांच जख्मी

Bihar Road Accident: कैमूर से दुखद खबर आ रही है, जहां पर एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गयी है. वहीं उसकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है.

Road Accident: कैमूर जिले में एक बोलेरो ने यात्रियों से भरी सीएनजी ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. जिससे ऑटो में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गयी. वहीं, इस हादसे में ऑटो सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. इनमें दो महिलाओं की स्थिति गंभीर है. घायलों को सदर अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है. यह हादसा दुर्गावती-खरीगावा सड़क पर भगवतीपुर दैत्यरा बाबा के समीप सोमवार को हुआ.

दुर्गावती-खरीगावा सड़क पर भगवतीपुर दैत्यरा बाबा के पास हुआ हादसा

मृत युवक चैनपुर थानाक्षेत्र के डीहा गांव निवासी स्व बनवारी बिंद का बेटा राजेश कुमार बिंद बताया जाता है. जबकि, घायलों में मृतक की पत्नी अनिता देवी, बच्चे रुचि व सचिन सहित भानु प्रकाश बिंद का बेटा अभय बिंद और स्व राधेश्याम बिंद की पत्नी धर्मावती कुंवर बतायी जाती है. मृतक की पत्नी अनिता देवी और धर्मावती कुंवर की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है. हादसे के संबंध में घायल हुए और ऑटो सवार अभय बिंद ने बताया कि सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए रविवार को चंदौली थानाक्षेत्र के किलौनी गांव गये थे.

शादी समारोह से ऑटो सवार सभी लोग लौटे रहे थे चैनपुर थानाक्षेत्र के डीहा

सोमवार को विदाई के बाद सभी लोग ऑटो पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान भगवतीपुर दैत्यरा बाबा के समीप अचानक सामने से आ रही एक बोलेरो ने सीएनजी ऑटो में जोरदार धक्का मार दी. बोलेरो के जबर्दस्त धक्के से ऑटो में सवार सभी लोग बुरी तरह से घायल हो गये. हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों की मदद से ऑटो सवार सभी घायलों को इलाज के लिए चैनपुर सीएचसी भेजा गया, जहां राजेश बिंद की स्थिति गंभीर देख डॉक्टर द्वारा उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. लेकिन, वाराणसी ले जाने के क्रम में ही युवक ने रास्ते में दम तोड़ दिया. इधर, ऑटो सवार अन्य घायलों की भी स्थिति चिंताजनक देख उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया.

Also Read: बिहार में भू-सम्पदा एजेंटों की अब नहीं चलेगी मनमानी, रेरा ने लागू की नई व्यवस्था

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राधेश्याम कुशवाहा ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से MJ (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म) की शिक्षा प्राप्त करने के बाद अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत भोपाल से प्रकाशित राज एक्सप्रेस समाचार पत्र से की. इसके बाद उन्होंने समय जगत, राजस्थान पत्रिका और हिंदुस्तान जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं. वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म, अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में 13 वर्षों का अनुभव रखने वाले राधेश्याम कुशवाहा को ज्योतिष शास्त्र, पंचांग गणना, ग्रह गोचर, नक्षत्र परिवर्तन, व्रत-त्योहारों की तिथियों तथा शुभ मुहूर्तों का गहन ज्ञान है. अपनी विशेषज्ञता के आधार पर वे धर्म-अध्यात्म और राशिफल से जुड़ी सटीक, तथ्यपरक एवं विश्वसनीय खबरें लिखते हैं. धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन में उनकी विशेष रुचि है. इसके अलावा राजनीति, अपराध और प्रेरणादायक (पॉजिटिव) विषयों पर लेखन में भी उनकी गहरी रुचि है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >