भभुआ में 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, गले में मिला गमछे का फंदा; एक हिरासत में

भभुआ के रतवार गांव में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पिता की शिकायत पर जांच जारी है।

Kaimur News : भभुआ थाना क्षेत्र के रतवार गांव निवासी 20 वर्षीय युवक दिलीप सिंह यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. युवक सोमवार को भैंस चराने के लिए घर से निकला था, लेकिन बाद में उसका शव कोशडीहरा गांव निवासी जोगेंद्र सिंह के चेंबर के समीप मिला. मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं, पुलिस ने पूछताछ के लिए जोगेंद्र सिंह को हिरासत में लिया है.

भैंस चराने निकला था युवक, कुछ घंटे बाद मिली मौत की खबर

मृतक के पिता महेंद्र सिंह यादव के अनुसार, उनका इकलौता बेटा दिलीप सिंह यादव सोमवार की सुबह करीब 11 बजे भैंसों को चराने के लिए मोहम्मदपुर सिवान की ओर गया था. वहां विवादित भूमि परती पड़ी हुई है और दिलीप उसी क्षेत्र में भैंस चरा रहा था. पिता भी कुछ दूरी पर स्थित खेत में काम कर रहे थे.

करीब दोपहर दो बजे जब उन्होंने देखा कि भैंसें इधर-उधर बिखरी हुई हैं, तो वे उन्हें समेटने के बाद बेटे को आवाज लगाने लगे. इसी दौरान कोशडीहरा निवासी जोगेंद्र सिंह ने उन्हें बताया कि एक युवक वहां मृत पड़ा हुआ है.

गले में गमछे का फंदा, नाक-मुंह से निकल रहा था खून

मृतक के पिता के अनुसार, मौके पर पहुंचने पर उन्होंने शव की पहचान अपने बेटे दिलीप के रूप में की. उनका आरोप है कि दिलीप के गले में गमछे का फंदा लगा हुआ था और उसके नाक व मुंह से खून निकल रहा था. युवक का मोबाइल फोन भी शव के पास पड़ा था.

पिता ने पुलिस को दिये आवेदन में घटना को संदिग्ध बताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है.

मोबाइल से फोन करने को कहा, नहीं लगाया फोन

मृतक के पिता ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि शव मिलने के बाद उन्होंने जोगेंद्र सिंह से दिलीप के मोबाइल से गांव में किसी को फोन करने के लिए कहा. उनका कहना है कि जोगेंद्र सिंह ने फोन नहीं लगाया और उन्हें वहां से हट जाने के लिए कहने लगे.

इसके बाद पिता ने दोबारा जोगेंद्र सिंह से उनके मोबाइल से फोन करने का आग्रह किया, लेकिन फोन नहीं किया गया. इसके बाद वह भैंसों को लेकर गांव लौटे और वीरेंद्र सिंह यादव तथा बटलर सिंह के साथ दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गयी.

पिता ने जतायी आशंका, पुलिस कर रही पूछताछ

मृतक के पिता ने पुलिस से अपने इकलौते बेटे की मौत की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगायी है. उन्होंने मौत की परिस्थितियों को लेकर संदेह जताया है.

भभुआ थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में जोगेंद्र सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं से घटना की जांच कर रही है. मौत का वास्तविक कारण जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amit Sinha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >