Kaimur News : कैमूर के रामपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएचसी में सोमवार को प्रधानमंत्री मातृत्व योजना के तहत स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया. इसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचीं करीब 150 गर्भवती महिलाओं की जांच की गयी. हर माह की 9 तारीख को आयोजित होने वाला यह शिविर इस बार 9 तारीख को रविवार होने के कारण सोमवार को लगाया गया.
सुबह से लगी महिलाओं की कतार
शिविर को लेकर सुबह से ही पीएचसी के पर्चा काउंटर पर महिलाओं की लंबी कतार लगी रही. महिलाओं ने पर्ची कटवाकर जच्चा और बच्चा दोनों के स्वास्थ्य की जांच करायी. पीएचसी प्रभारी डॉ. रमेश कुमार, डॉ. अनिल कुमार और डॉ. सदिका ने गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की.
BP और वजन के बाद हुई कई जरूरी जांच
एएनएम और फैमिली काउंसलर सविता कुमारी ने महिलाओं का बीपी और वजन जांचा. इसके बाद लैब टेक्नीशियन ने चिकित्सकों के निर्देश पर खून, पेशाब, शुगर, HIV और हीमोग्लोबिन की जांच की. जांच रिपोर्ट के आधार पर जिन महिलाओं में किसी तरह की कमी मिली, उन्हें दवाओं के साथ आयरन और कैल्शियम की गोलियां दी गयीं.
पौष्टिक आहार लेने की दी सलाह
चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को हरी साग-सब्जियां, मौसमी फल और प्रतिदिन एक गिलास दूध लेने की सलाह दी. साथ ही दूध के साथ ड्राई फ्रूट लेने, पर्याप्त पानी पीने और तनाव से दूर रहने को कहा. डॉक्टरों ने कहा कि संतुलित और पौष्टिक आहार से मां और बच्चे दोनों को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है.
भारी वजन उठाने से बचने की हिदायत
चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को आवश्यकता से अधिक वजन नहीं उठाने की सलाह दी. किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करने को कहा गया. महिलाओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य प्रबंधक जय प्रकाश सिंह की ओर से शिविर में पानी और नाश्ते की भी व्यवस्था की गयी.
