कैमूर : स्कॉर्पियो में झुलसे आर्मी जवान की सात दिन बाद लखनऊ में मौत, जिंदा जलाने के आरोप में 3 गिरफ्तार

कैमूर में आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव को स्कॉर्पियो में जिंदा जलाने का प्रयास किया गया, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जमीन विवाद में हुई इस वारदात में तीन आरोपी गिरफ्तार हुए हैं।

Ramgarh Army Soldier Death : कैमूर के रामगढ़ में स्कॉर्पियो के अंदर आर्मी जवान को कथित तौर पर बंद कर जलाने के प्रयास के मामले में सात दिनों बाद बुधवार की देर रात इलाज के दौरान जवान शत्रुघ्न यादव की मौत हो गयी. उनका इलाज लखनऊ स्थित आर्मी अस्पताल में चल रहा था. मौत की खबर मिलते ही सहूका गांव समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी.

परिजनों के चीत्कार से गमगीन हुआ माहौल

जवान की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचने लगे. ग्रामीणों ने परिजनों को सांत्वना दी. परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया. गांव में जवान की मौत को लेकर लोगों में शोक है.

सात सितंबर को स्कॉर्पियो में आग लगाने का आरोप

घटना सात सितंबर की अहले सुबह रामगढ़ नगर के वार्ड संख्या एक स्थित हाता में हुई थी. यहां खड़ी स्कॉर्पियो के अंदर सहूका गांव निवासी शत्रुघ्न यादव, पिता बुल्लू यादव, को कथित तौर पर बंद कर आग लगाने का प्रयास किया गया था. घटना में जवान गंभीर रूप से झुलस गये थे.

वाराणसी के बाद लखनऊ में चल रहा था इलाज

घटना के बाद गंभीर रूप से झुलसे जवान को पहले वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था. हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ स्थित आर्मी अस्पताल रेफर किया गया. वहां इलाज के दौरान बुधवार की देर रात उनकी मौत हो गयी.

फर्द बयान पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी

पुलिस ने जवान के फर्द बयान के आधार पर मामले में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस के अनुसार, रामगढ़ निवासी वीरेंद्र यादव, पिता शंभु सिंह यादव, दीपक यादव, पिता वीरेंद्र सिंह यादव और ब्रजेश यादव, पिता हृदयनारायण सिंह को गिरफ्तार किया गया है. वहीं चौथा आरोपित दिलीप सिंह, पिता मिथिलेश सिंह, फरार बताया जा रहा है.

संबंधित खबर : कैमूर में आर्मी जवान को स्कॉर्पियो में जलाया, पीड़ित के बयान पर तीन गिरफ्तार

जमीन खरीदने के रुपये को लेकर था विवाद

जवान ने अपने फर्द बयान में पुलिस को बताया था कि वाराणसी में जमीन खरीदने के नाम पर आरोपितों ने उनसे रुपये लिये थे. काफी समय बीतने के बाद भी जमीन नहीं मिलने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था. जवान के बयान के अनुसार, इसी विवाद के दौरान उसे स्कॉर्पियो में बैठाकर अंदर बंद किया गया और चार लोगों ने वाहन में आग लगाने का प्रयास किया.

पुलिस की कार्रवाई जारी

जवान की मौत के बाद अब पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है. गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ और फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है. घटना में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया में होगी.

Also Read : कैमूर : भभुआ में आज होगी विश्वकर्मा पूजा, सुबह 9 बजे तक नहीं कर सकें हैं पूजा तो अभिजीत मुहूर्त में इस समय करें आराधना

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय जायसवाल

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >