कैमूर में सड़क जाम करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, रामगढ़ में पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

रामगढ़ पुलिस ने सड़क जाम करने वालों को चेतावनी दी है। फ्लैग मार्च निकालकर पुलिस ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों पर अब कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Kaimur News : कैमूर के रामगढ़ बाजार में सड़क दुर्घटनाओं के बाद मुख्य सड़क जाम कर हंगामा और प्रदर्शन करने की घटनाओं पर पुलिस अब सख्ती बरतने की तैयारी में है. रविवार शाम पुलिस और प्रशासन की टीम ने रामगढ़ बाजार में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को कानून-व्यवस्था और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया. दुर्गा चौक पर थानाध्यक्ष ने माइकिंग के माध्यम से लोगों को संबोधित करते हुए सड़क जाम करने वालों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी.

दुर्घटना के बाद सड़क जाम करने पर पुलिस सख्त

थानाध्यक्ष ने कहा कि थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद कई बार लोग मुख्य सड़क को जाम कर देते हैं. इससे दुर्घटनास्थल पर पहुंचने वाली पुलिस को परेशानी होती है. साथ ही जांच और अनुसंधान की प्रक्रिया में भी अनावश्यक विलंब होता है. सड़क जाम होने से वाहन चालकों, राहगीरों और जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को भी घंटों परेशानी का सामना करना पड़ता है.

पुलिस को जांच में सहयोग करने की अपील

थानाध्यक्ष ने लोगों से कहा कि सड़क दुर्घटना के लिए पुलिस जिम्मेदार नहीं होती. दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित करने, घायलों की मदद करने, साक्ष्य जुटाने और दोषियों तक पहुंचने का काम करती है. ऐसे समय में पुलिस का सहयोग करने के बजाय सड़क जाम कर नारेबाजी करने से जांच प्रभावित होती है.

कानून हाथ में लिया तो होगी प्राथमिकी

पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़क जाम कर यातायात बाधित करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने या भीड़ को उकसाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जायेगी. थानाध्यक्ष ने कहा कि यदि भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हुआ तो पुलिस बल प्रयोग करने और जरूरत पड़ने पर आंसू गैस का इस्तेमाल करने से भी पीछे नहीं हटेगी.

दुर्घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें

थानाध्यक्ष ने आम लोगों से अपील की कि किसी भी सड़क दुर्घटना या आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें. उन्होंने कहा कि पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद जांच में सहयोग करना चाहिए. पुलिस और आम जनता के सहयोग से ही अपराधियों तक पहुंचने और क्षेत्र में बेहतर कानून-व्यवस्था कायम रखने में मदद मिलेगी.

नाट्य रूपांतरण से दिखाया सड़क जाम का अंजाम

जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस की ओर से सड़क जाम के दौरान पैदा होने वाली स्थिति का नाट्य रूपांतरण भी प्रस्तुत किया गया. इसमें एक तरफ लोगों को मुख्य सड़क पर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दिखाया गया, जबकि दूसरी ओर पुलिस द्वारा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सख्ती बरतते हुए दिखाया गया. इसके माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि सड़क जाम कर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश पर पुलिस कार्रवाई करेगी.

फ्लैग मार्च में अधिकारी रहे मौजूद

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजार की मुख्य सड़क पर लोगों से शांति और यातायात व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग की अपील की. अभियान में बीडीओ विकास कुमार सिंह, सीओ विकेश कुमार समेत पुलिस और प्रशासन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे.

बाजार के दुर्गा चौक पर नाट्य रूपांतरण करती पुलिस, दुर्गा चौक पर लोगो को जागरूक करते थानाध्यक्ष | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay jaiswal

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >