Kaimur News: जिले के रामगढ़ प्रखंड अंतर्गत गोडसरा स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा में पिछले पांच दिनों से लिंक पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है. इसके चलते शाखा से जुड़े करीब 30 हजार उपभोक्ताओं की बैंकिंग सेवाएं बेपटरी हो गई हैं. बैंक में रुपये की जमा-निकासी, चेक क्लीयरेंस और आरटीजीएस जैसी सभी अनिवार्य सुविधाएं बंद हैं. लोग सुबह से दोपहर तक कतारों में खड़े रहने के बाद बिना काम कराए मायूस होकर घर लौटने को मजबूर हैं.
सड़क खुदाई में कटी बीएसएनएल केबल
बैंक अधिकारियों के अनुसार, संस्थान का पूरा सर्वर बीएसएनएल ब्रॉडबैंड आधारित नेटवर्क पर चलता है. मोहनियां के पास मुख्य सड़क के किनारे चल रहे खुदाई कार्य के दौरान बीएसएनएल का मुख्य ऑप्टिकल फाइबर केबल कट गया. गुरुवार को लिंक बाधित होने के बाद शुक्रवार को अवकाश था. शनिवार को थोड़ी देर के लिए सेवा बहाल हुई, लेकिन सोमवार और मंगलवार को नेटवर्क पूरी तरह गायब रहा. नतीजा यह हुआ कि दूर-दराज के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों की समस्या गंभीर हो गई.
शादी और इलाज के लिए लोग परेशान
बैंक में जरूरी काम से आ रहे उपभोक्ताओं की लाचारी साफ देखी जा सकती है. बहन की शादी की तैयारी में जुटे कलानी गांव के मुस्तफा अंसारी ने बताया, "तीन महीने बाद बहन की शादी है और सामान की खरीदारी के लिए पैसों की सख्त जरूरत है. दो दिनों से 20 किलोमीटर दूर से चक्कर काट रहा हूं, लेकिन हर बार लिंक नहीं होने की बात कहकर लौटा दिया जाता है." वहीं अहिवास गांव के बुजुर्ग राजवंश सिंह ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा, "रीढ़ की हड्डी में तेज दर्द है और इलाज के लिए सासाराम जाना है. सुबह 10 बजे से बैंक में बैठा हूं, लेकिन एक रुपया भी नहीं निकल सका."
ऑपरेशन का खर्च और दवाओं की चिंता
दवा और ऑपरेशन के खर्च को लेकर भी लोग भारी संकट से जूझ रहे हैं. नुआंव प्रखंड के सातों अवंती गोडसरा निवासी दामोदर सिंह ने कहा, "तीन दिन पहले घर की बहू का ऑपरेशन हुआ है और बच्चा जन्मा है. डॉक्टर की फीस भरनी है और जरूरी दवाइयां लानी हैं. दो दिनों से बैंक आ रहे हैं, लेकिन पैसे नहीं मिल रहे हैं. समझ नहीं आ रहा कि इतने जरूरी वक्त पर खर्च कहां से जुटाएं." दूसरी तरफ ईसरी गांव के संदीप यादव ने बताया कि उनका खाता फ्रीज हो चुका है और वे तीन दिनों से खाता चालू कराने के लिए परेशान हैं.
कैमूर की ताजा खबर जानने के लिए क्लिक करें.
राशन खत्म और खेती-किसानी पर संकट
पेंशनभोगियों और किसानों की हालत भी बदहाल है. रामगढ़ निवासी पेंशनर रामसूरत ने कहा, "शनिवार से पेंशन निकालने आ रहा हूं. घर का राशन-पानी पूरी तरह खत्म हो चुका है. अपने ही पैसे खाते में जमा होने के बावजूद परिवार के आगे खाने का संकट खड़ा हो गया है." वहीं रोपाई के सीजन में खाद और मजदूरों के भुगतान के लिए परेशान किसान रामदुलार चौबे ने कहा, "खेती के सबसे व्यस्त समय में खाद खरीदनी है और मजदूरों को मजदूरी देनी है. तीन दिन से लौट रहा हूं. समय पर पैसे नहीं मिले तो पूरी खेती पिछड़ जाएगी."
क्या कहते हैं बैंक शाखा प्रबंधक
"बैंक का सारा कामकाज बीएसएनएल के ब्रॉडबैंड नेटवर्क से ही चलता है. मोहनियां के समीप मुख्य सड़क के किनारे खुदाई के दौरान केबल कट जाने से सर्वर पूरी तरह ठप हो गया है. इस तकनीकी गड़बड़ी की पूरी जानकारी वरीय अधिकारियों को ईमेल के माध्यम से दे दी गई है. जैसे ही केबल दुरुस्त होकर लिंक बहाल होगा, बैंक का सामान्य कामकाज तत्काल शुरू कर दिया जाएगा."- राकेश कुमार सिंह, शाखा प्रबंधक
ये भी पढ़ें- कैमूर: मोहनिया में पानी भरे गड्ढे में डूबने से 76 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, खेत में तैरता मिला शव
