Kaimur News : चैत्र नवरात्र को लेकर मुंडेश्वरी धाम सज-धज कर तैयार

आज से शुरू चैत्र नवरात्र को लेकर माता मुंडेश्वरी धाम श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह से सज-धज कर तैयार हो चुका है. धार्मिक न्यास द्वारा निर्धारित किये गये समय पर आज सुबह माता आदि शक्ति का पट खुलेगा,

भगवानपुर. आज से शुरू चैत्र नवरात्र को लेकर माता मुंडेश्वरी धाम श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह से सज-धज कर तैयार हो चुका है. धार्मिक न्यास द्वारा निर्धारित किये गये समय पर आज सुबह माता आदि शक्ति का पट खुलेगा, फिर न्यास समिति द्वारा सुबह का नियमित पूजन व आरती किये जाने के बाद धाम पहुंचने वाले दर्शनार्थियों द्वारा माता आदिशक्ति मुंडेश्वरी के दर्शन-पूजन का सिलसिला आरंभ हो जायेगा. इससे संबंधित तैयारियों को लेकर धार्मिक न्यास समिति के सचिव अशोक कुमार सिंह शनिवार की दोपहर से लेकर देर शाम तक मुंडेश्वरी धाम में डटे रहे तथा यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के सुरक्षा व सुविधा को लेकर मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों व कर्मियों को निर्देशित करते देखे गये. न्यास समिति के अकाउंटेंट गोपाल कृष्ण ने बताया कि धाम तथा उससे संबंधित हिस्सों की साफ-सफाई कराने के बाद विभिन्न प्रजातियों के सुगंधित व आकर्षक फूलों से मंदिर में विराजमान माता मुंडेश्वरी, पंचमुखी महामंडलेश्वर महादेव व भगवान श्री गणेश का मंडप सजाये जाने के साथ-साथ माता का दरबार व धाम परिसर सहित मुख्य द्वार को सजाया गया है. वहीं, सड़क तथा सीढ़ियों वाले रास्ते में श्रद्धालुओं की प्यास बुझाने के लिए निर्धारित स्थलों पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गयी है. वाहनों के जाम से निबटने के लिए धाम पहाड़ी के सड़क वाले हिस्सों में वॉकी-टॉकी के साथ पर्याप्त संख्या में न्यास कर्मियों की ड्यूटी लगायी गयी है. वहीं, देवी मंदिर, धाम पहाड़ी वाली पानी टंकी, आईबी बैरियर पर पुलिस प्रशासन व बहाल किये गये दंडाधिकारी दलबल के साथ मौजूद रहेंगे. साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए न्यास समिति के कर्मियों के साथ धाम परिसर में स्काउट गाइड की टीम की भी ड्यूटी लगायी गयी है. दर्शनार्थियों के स्वास्थ्य की देखरेख के लिए मुंडेश्वरी धाम में मेडिकल टीम के साथ एंबुलेंस की व्यवस्था की गयी है. साथ ही चोर-उचक्कों पर नजर बनाये रखने के लिए आदिशक्ति धाम के साथ उसके विभिन्न हिस्सों में सीसीटीवी कैमरे का जाल बिछा दिया गया है, जिससे चोर-उचक्कों तथा असामाजिक तत्वों पर पुलिस प्रशासन की भी पैनी नजर बनी रहेगी. साथ ही बताया गया धाम पहाड़ी के पार्किंग तथा सड़क पर जाम की स्थिति से बचने के लिए दोनों तरफ से मानक के अनुसार ही वाहनों को छोड़ा जायेगा. अकाउंटेंट गोपाल कृष्ण वाजपेयी ने बताया कि धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को पूजा-पाठ व माता रानी के दर्शन-पूजन में कोई दिक्कत न आये, इसके लिए न्यास के सचिव ने विभाग के सभी कर्मियों को पूरे दिन अलर्ट रहने के लिए सख्त रूप से निर्देशित किया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhanjay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >