Kaimur News : शहर के प्रमुख राजेंद्र सरोवर पोखरे पर रविवार की सुबह अचानक एक दर्जन से अधिक बंदरों का झुंड पहुंच गया. झुंड में छोटे-छोटे बंदर भी शामिल थे. सुबह टहलने और सरोवर के आसपास घूमने पहुंचे लोगों की नजर जब बंदरों पर पड़ी, तो कुछ देर के लिए वहां तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं.
बच्चों को लेकर अभिभावकों की बढ़ी चिंता
राजेंद्र सरोवर पर प्रतिदिन सुबह और शाम बड़ी संख्या में लोग टहलने पहुंचते हैं. आसपास छोटे बच्चे भी खेलते हैं. ऐसे में अचानक इतनी संख्या में बंदरों के पहुंचने से अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है. लोगों को आशंका है कि यदि बंदर यहां कुछ दिनों तक टिके रहे, तो बच्चों पर हमला करने या उन्हें काटने का खतरा बढ़ सकता है.
Also Read : कैमूर में धान की फसल देखने गए किसान की कुएं में गिरने से मौत, गांव में पसरा मातम
बच्चों के साथ झुंड पहुंचने से बढ़ी दहशत
सामान्य दिनों में राजेंद्र सरोवर पर कभी-कभार एक-दो बंदर दिखाई देते थे, लेकिन रविवार को उनकी संख्या काफी अधिक रही. झुंड में छोटे-छोटे बच्चे भी नजर आए. स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदर संभवत: किसी दूसरे इलाके से समूह बनाकर यहां पहुंचे हैं. बच्चों के साथ झुंड के पहुंचने से यह आशंका भी जताई जा रही है कि बंदर इस इलाके को अपना ठिकाना बना सकते हैं.
सुबह-शाम टहलने वालों में भी डर का माहौल
लोगों के मुताबिक, यदि बंदरों का झुंड सरोवर के आसपास रहने लगा, तो यहां आने वाले लोगों की परेशानी बढ़ सकती है. खासकर छोटे बच्चों को लेकर अभिभावक चिंतित हैं. सुबह-शाम टहलने वाले लोगों में भी बंदरों की मौजूदगी को लेकर डर बना हुआ है. हालांकि रविवार को बंदरों द्वारा किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने की सूचना नहीं मिली, लेकिन उनकी संख्या और मौजूदगी को लेकर पूरे इलाके में चर्चा होती रही.
Also Read : हरतालिका तीज को लेकर बाजारों में बढ़ी रौनक, आज महिलाएं रखेंगी निर्जला व्रत
समय रहते कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि बंदरों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर उपयुक्त वन क्षेत्र में छोड़ा जाए, ताकि बंदरों को भी नुकसान न हो और राजेंद्र सरोवर आने वाले लोगों की सुरक्षा भी बनी रहे. लोगों के अनुसार अभी बंदरों की संख्या सीमित है, इसलिए समय रहते कार्रवाई करना आसान होगा.
स्थायी ठिकाना बना तो बढ़ सकती है समस्या
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बंदरों के झुंड ने राजेंद्र सरोवर और आसपास के इलाके को अपना स्थायी ठिकाना बना लिया, तो आने वाले दिनों में इनकी संख्या बढ़ सकती है. इसके बाद बच्चों के साथ-साथ सुबह-शाम टहलने वाले लोगों के लिए भी खतरा बढ़ने की आशंका है. रविवार की सुबह झुंड के पहुंचने के बाद लोगों की नजर पूरे समय बंदरों की गतिविधियों पर टिकी रही. अब स्थानीय लोगों की निगाह वन विभाग की कार्रवाई पर है.
Also Read : कैमूर: गलती से दूसरे खाते में ट्रांसफर हुए 12,300 रुपये साइबर थाना ने कराए वापस, शिकायत मिलते ही की कार्रवाई
