मोहनिया : हादसों का डेंजर ज़ोन बनी सासाराम सर्विस रोड, NHAI की लापरवाही से हर दिन पलटी खा रहे वाहन

मोहनिया-सासाराम सर्विस सड़क इन दिनों राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है. पटना मोड़ से लगभग 200 मीटर पहले सर्विस रोड की स्थिति इतनी जर्जर हो चुकी है कि यहां हर दिन एक बड़े हादसे का डर बना रहता है.

मोहनिया. मोहनिया-सासाराम सर्विस सड़क इन दिनों राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है. पटना मोड़ से लगभग 200 मीटर पहले सर्विस रोड की स्थिति इतनी जर्जर हो चुकी है कि यहां हर दिन एक बड़े हादसे का डर बना रहता है. इस बदहाली के लिए सीधे तौर पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की घोर लापरवाही सामने आ रही है. हैरानी की बात यह है कि इस ब्लैक स्पॉट पर कई वाहन अनियंत्रित होकर पलट चुके हैं, फिर भी सिस्टम गहरी नींद में सोया हुआ है.

जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर लोग

सड़क की हालत यह है कि डामर पूरी तरह से गायब है और बड़े-बड़े गड्ढे उभर आये हैं. स्थानीय निवासी अरविंद सिंह ने बताया कि सड़क टूटने की वजह से यहां का माहौल हर समय धूल-धूसरित रहता है. वहीं, इस रूट से गुजरने वाले एक यात्री बस के चालक ने चिंता जताते हुए कहा कि खराब सड़क के कारण गाड़ी चलाना बेहद जोखिम भरा हो गया है. जरा सी चूक या नियंत्रण बिगड़ने पर यहां किसी भी दिन कोई बड़ा और जानलेवा हादसा हो सकता है.

धूल से दमघोंटू हुआ माहौल, बीमार पड़ रहे बच्चे

सड़क की जर्जरता सिर्फ हादसों को ही न्योता नहीं दे रही, बल्कि यह एक गंभीर स्वास्थ्य संकट भी बन गई है. वाहनों के गुजरने से हर समय उड़ने वाले धूल के गुबार ने आसपास के लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. ग्रामीणों के अनुसार, धूल के कारण इलाके में सांस से जुड़ी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं, जिसका सबसे ज्यादा खामियाजा बच्चों और बुजुर्गों को उठाना पड़ रहा है.

अधिकारियों के पास सिर्फ शिकायत, समाधान शून्य

ऐसा नहीं है कि प्रशासन इस समस्या से अनजान है. स्थानीय लोगों ने जर्जर सड़क और उड़ती धूल की शिकायत एसडीएम से लेकर एनएचएआइ के आला अधिकारियों तक कई बार की है. लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर इस सड़क की मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. आम लोगों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द इस सर्विस रोड का निर्माण कराया जाए.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pranjal Pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >