Kaimur News: (मोहनिया से विनोद कुमार सिंह की रिपोर्ट) :
प्रेम प्रसंग में घर से भागी एक युवती को लेकर शुक्रवार को अनुमंडलीय अस्पताल परिसर और बाहर की मुख्य सड़क अचानक रणक्षेत्र में तब्दील हो गई. यहां लड़की पक्ष के आक्रोशित परिजनों ने लड़के पक्ष के लोगों को अस्पताल परिसर समेत सड़कों पर दौड़ा-दौड़ा कर बेरहमी से पीट दिया. इस हिंसक झड़प में लड़के पक्ष के तीन लोग घायल हो गए. घायलों में लड़के के पिता (डेहरी के डालमियानगर थाना अंतर्गत सखरा गांव निवासी) विजय शर्मा, उनका पुत्र सचिन शर्मा और एक रिश्तेदार (रोहतास जिले के राजपुर थाना स्थित प्रतापगंज निवासी) सत्येन्द्र शर्मा शामिल हैं. घटना के बाद अस्पताल में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा.
गहने और नकदी वापस मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद, जमकर चले लात-घूंसे
जानकारी के अनुसार, युवती की मां ने बीते 22 मई को मोहनिया थाने में चार नामजद लोगों के खिलाफ अपनी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला दर्ज कराया था. आरोप था कि युवती अपने साथ करीब एक लाख रुपये नकद और कीमती आभूषण भी ले गई थी. पुलिस ने अथक प्रयास के बाद युवती को बरामद किया और मेडिकल जांच के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंची. इसी दौरान लड़के पक्ष के लोग भी वहां मौजूद थे. अस्पताल परिसर में ही युवती के भाई, मामा और मां ने लड़के पक्ष से नकदी और गहने वापस करने की मांग शुरू कर दी. इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और देखते ही देखते लड़की पक्ष के लोग मारपीट पर उतारू हो गए.
5 जून को ही होने वाला था तिलक, शादी की खुशियां मातम में बदलीं
परिजनों ने बताया कि मोहनिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली इस युवती की शादी बड़े ही धूमधाम से तय की गई थी. 5 जून (शुक्रवार) को ही उसका तिलक चढ़ाने जाना था, लेकिन युवती अपनी शादी के ठीक पहले 21 मई को ही नकदी और आभूषण समेटकर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई. इस कदम से परिवार की बदनामी तो हुई ही, साथ ही शादी की तमाम खुशियां और तैयारियां भी पूरी तरह बर्बाद हो गईं. इसी आक्रोश के चलते शुक्रवार को अस्पताल में दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए.
दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में, एसएचओ बोले- प्रेमी संग रहने की जिद पर अड़ी युवती
इस संबंध में मोहनिया एसएचओ आलोक कुमार ने बताया कि प्रेम प्रसंग के मामले में फरार हुई लड़की को सकुशल बरामद कर लिया गया था. पूछताछ के दौरान युवती साफ तौर पर अपने प्रेमी के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी हुई है, जिसका उसके परिजन पुरजोर विरोध कर रहे हैं. इसी बात को लेकर अस्पताल में नोकझोंक और मारपीट हुई थी. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दो महिलाओं समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाई है. फिलहाल लड़के पक्ष की तरफ से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Also Read: चावल व्यवसायी से रंगदारी मांगने वालों पर कार्रवाई तेज, पुलिस ने दी कुर्की-जब्ती की चेतावनी
