Kaimur News : भारतमाला एक्सप्रेस-वे निर्माण में लगे ओवरलोड डंपरों के परिचालन को लेकर चैनपुर क्षेत्र में ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि मिट्टी से लदे ओवरलोड डंपरों की वजह से सड़कें समय से पहले ही टूट रही हैं और लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. लोगों का कहना है कि कई सड़कों की मरम्मत हाल ही में हुई थी, लेकिन भारी वाहनों के कारण उनकी हालत फिर खराब हो गई है.
ग्रामीण बोले- ओवरलोड डंपर बन रहे मौत का कारण
ग्रामीणों का कहना है कि गिट्टी और बालू से लदे ओवरलोड वाहनों पर प्रशासन कार्रवाई करता है, लेकिन भारतमाला परियोजना में चल रहे मिट्टी से भरे डंपरों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होती. उनका आरोप है कि तेज रफ्तार और ओवरलोड डंपरों की चपेट में आकर अब तक एक दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है. इसके बावजूद न ओवरलोडिंग पर रोक लगी है और न ही वाहनों की रफ्तार नियंत्रित हुई है.
मंत्री ने माना- ओवरलोडिंग से हो रहा नुकसान
ग्रामीणों की शिकायतों पर स्थानीय विधायक एवं बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान ने कहा कि उन्हें भी लगातार ओवरलोड डंपरों के परिचालन की शिकायतें मिल रही हैं. उन्होंने स्वीकार किया कि भारतमाला एक्सप्रेस-वे निर्माण में ओवरलोड वाहनों के चलने से सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और हादसे भी बढ़े हैं.
डीटीओ को दिए सख्त निर्देश, बोले- खुद सड़क पर उतरूंगा
मंत्री ने मौके से ही जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) को ओवरलोड वाहनों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि यदि अधिकारियों को कार्रवाई में किसी तरह की परेशानी है तो वे स्वयं सड़क पर खड़े होकर ओवरलोड वाहन पकड़ने को तैयार हैं. उन्होंने बताया कि जल्द ही जिलाधिकारी के साथ बैठक कर इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे.
चैनपुर मेडिकल कॉलेज पर भी दिया बड़ा अपडेट
मंत्री मोहम्मद जमा खान ने बातचीत के दौरान चैनपुर में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि चिन्हित भूमि पर ही मेडिकल कॉलेज का निर्माण होगा और अगले कुछ महीनों में निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है. उनकी प्राथमिकता क्षेत्र का विकास और जनता के हितों की रक्षा करना है.
