Kaimur News : कैमूर जिला के कुदरा थाना क्षेत्र के सकरी मोड़ के पास सोमवार की दोपहर ट्रक और ऑटो की जोरदार टक्कर में ऑटो सड़क किनारे स्थित नाले में जा गिरा. हादसे में ऑटो सवार एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गयी. स्थानीय लोगों ने घायल युवती को इलाज के लिए सकरी स्थित निजी क्लिनिक में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.
तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, सासाराम की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे सरिया लदे ट्रॉली ट्रक ने सकरी मोड़ के समीप एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में पलट गया. हादसे में ऑटो सवार समा परवीन गंभीर रूप से घायल हो गयीं. घायल की पहचान रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के रैनी गांव निवासी समा परवीन, पिता सैय्यद अंसारी के रूप में हुई है.
स्थानीय लोगों ने पहुंचकर बचाई जान
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गये. लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवती को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया. गनीमत रही कि ऑटो में सवार अन्य लोग हादसे में बाल-बाल बच गये.
डायल 112 की टीम ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटायी. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
सकरी मोड़ पर हादसों का खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार सकरी मोड़ के पास तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है. लोगों ने प्रशासन से वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने के साथ सड़क सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने की मांग की है.
