Kaimur News: कैमूर (भभुआ) जिले के कुदरा नगर पंचायत में गुरुवार को 'हर घर तिरंगा' अभियान के अंतर्गत एक अद्भुत और भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. नगर पंचायत स्थित उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर एक विशाल मानव श्रृंखला (Human Chain) बनाई और धरातल पर भारत का मानचित्र (Map of India) उकेरते हुए तिरंगा लहराया.
अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मोहनिया अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) रत्ना प्रियदर्शिनी एवं डीसीएलआर (DCLR) विशेष रूप से उपस्थित रहे. उनकी गरिमामयी मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भी गौरवपूर्ण बना दिया. इसके अलावा कुदरा नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी (EO) उजाली राज, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) शाम्भवी श्रीवास्तव, अंचलाधिकारी (CO) विवेक कुमार एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) की सक्रिय भूमिका रही.
राष्ट्रभक्ति के नारों से गुंजायमान हुआ परिसर
कार्यक्रम के दौरान हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे बच्चों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने "हर घर तिरंगा — हर दिल में तिरंगा" के गगनभेदी नारे लगाए. मानव श्रृंखला के माध्यम से भारत के नक्शे की आकृति बनाकर तिरंगा लहराने का दृश्य अत्यंत विहंगम और देशभक्ति से ओत-प्रोत नजर आया.
उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलेवासियों से अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर ससम्मान तिरंगा फहराने का संकल्प दिलाया.
