कैमूर के विज्ञान शिक्षकों को मिला नवाचार का मंत्र, विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने पर दिया गया जोर

कैमूर में विज्ञान शिक्षकों के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में नवाचार आधारित शिक्षा और वैज्ञानिक सोच विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।

Kaimur News : जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, कैमूर और बिहार शिक्षा परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में पीएम श्री 2 उच्च विद्यालय, भभुआ में विज्ञान शिक्षकों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई. विज्ञान नवाचार एवं प्रतिभा संवर्धन कार्यक्रम के तहत आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालयों में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय विज्ञान कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन, विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और नवाचार आधारित शिक्षण को बढ़ावा देना था.

वैज्ञानिक सोच विकसित करने पर दिया गया जोर

कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की जिला समन्वयक कमला सिंह ने की, जबकि निदेशक बद्री नारायण सिंह ने प्रशिक्षण का मार्गदर्शन किया. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विज्ञान शिक्षा को प्रयोगात्मक, शोधपरक और नवाचार आधारित बनाना आवश्यक है. शिक्षकों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को विज्ञान गतिविधियों से जोड़ने और उनमें अनुसंधान व वैज्ञानिक सोच विकसित करने का आह्वान किया गया.

एनसीएससी, इंस्पायर अवॉर्ड और वीवीएम पर मिला प्रशिक्षण

कार्यशाला दो सत्रों में आयोजित की गई. पहले सत्र में चैनपुर, चांद, अधौरा और रामपुर प्रखंड के विज्ञान शिक्षकों ने भाग लिया, जबकि दूसरे सत्र में भभुआ और भगवानपुर प्रखंड के शिक्षक शामिल हुए. प्रशिक्षण के दौरान 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (एनसीएससी), इंस्पायर अवॉर्ड, विद्यार्थी विज्ञान मंथन (वीवीएम), प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (पीबीएल), विज्ञान क्लब, विज्ञान प्रदर्शनी, विज्ञान प्रश्नोत्तरी, राष्ट्रीय आविष्कार अभियान, स्ट्रीम आधारित शिक्षण, डिजिटल पंजीकरण और परियोजना निर्माण की विस्तृत जानकारी दी गई.

पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय समस्याओं के समाधान पर फोकस

प्रशिक्षण में इस वर्ष की थीम के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण, जल एवं ऊर्जा संरक्षण तथा स्थानीय समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान पर विशेष बल दिया गया. शिक्षकों को विद्यार्थियों में नवाचार और अनुसंधान की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया.

विशेषज्ञों ने साझा किए व्यावहारिक अनुभव

संसाधन व्यक्तियों में कृष्ण सिंह, श्वेता सुरभि, राजेश कुमार सिंह, दीपक प्रकाश, काव्या सुमाग, चंद्रमणी सिंह और खुर्शीद आलम ने विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया. राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, भभुआ-18 के शिक्षक सुमित कुमार ने इंस्पायर अवॉर्ड और तकनीकी प्रक्रियाओं पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया, जिसे प्रतिभागी शिक्षकों ने काफी उपयोगी बताया.

विद्यालयों में विज्ञान गतिविधियां बढ़ाने का आह्वान

कार्यक्रम के समापन पर सभी शिक्षकों से अपने-अपने विद्यालयों में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस, विद्यार्थी विज्ञान मंथन, विज्ञान क्लब, विज्ञान प्रदर्शनी और अन्य विज्ञान नवाचार कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा अधिकाधिक विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया गया. कार्यक्रम के सफल आयोजन में मृत्युंजय कुमार शर्मा सहित सभी संसाधन व्यक्तियों, विज्ञान शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >