kaimur Road Accident:(विनोद कुमार सिंह) कैमूर के मोहनिया थाना क्षेत्र के तुलसीपुर नहर के समीप सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक युवक की मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. मृतक की पहचान कुदरा थाना क्षेत्र के डंडोरी गांव निवासी 32 वर्षीय सुनील यादव, पिता शंकर सिंह के रूप में की गई है. सुनील यादव अपने निजी ट्रैक्टर से ईंट लेकर गांव लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वह उसके नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
घर निर्माण के लिए ला रहे थे ईंट
परिजनों के अनुसार, सुनील यादव मटियारी से ईंट लेकर अपने गांव डंडोरी लौट रहे थे। वह अपने नए घर के निर्माण कार्य के लिए ईंट खरीदकर ला रहे थे. सुबह के समय जब वह तुलसीपुर नहर के समीप पहुंचे, तभी अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे पलट गया. हादसा इतना गंभीर था कि ट्रैक्टर के नीचे दबने से सुनील यादव को संभलने का मौका तक नहीं मिला. स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर के नीचे दबे शव को बाहर निकाला और अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया पहुंचाया. हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए. अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. पत्नी और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं.
परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे सुनील
मृतक सुनील यादव अपने पीछे पत्नी रेनू देवी, दो बेटियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं. परिजनों ने बताया कि वह परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे और खेती-बाड़ी के साथ ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का कहना है कि घर निर्माण का सपना पूरा होने से पहले ही परिवार का सहारा हमेशा के लिए छिन गया.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने मृतक को मेहनती और मिलनसार व्यक्ति बताते हुए शोक व्यक्त किया है.
Alos Read: कैमूर में बड़ा हादसा टला, सीएनजी सिलेंडर लीकेज से हड़कंप, दहशत में घर छोड़ भागे ग्रामीण
