प्रभात खबर में खबर छपी तो BSNL ने तीन घंटे में दौड़ाया बैंक का लिंक, PNB गोडसरा के 30 हजार ग्राहकों को मिली राहत

प्रभात खबर में खबर छपते ही रामगढ़ पीएनबी बैंक का लिंक बहाल हुआ। पांच दिनों से परेशान 30 हजार ग्राहकों को मिली बड़ी राहत, बैंकिंग सेवाएं फिर से शुरू हुईं।

प्रतिनिधि, रामगढ़. प्रभात खबर में बुधवार की सुबह “लिंक फेल होने का खामियाजा भुगत रहे 30 हजार ग्राहक, शादी से लेकर इलाज तक अटके जरूरी काम” शीर्षक से प्रकाशित खबर का असर कुछ ही घंटे में देखने को मिला. पांच दिनों से ठप पड़े PNB गोडसरा शाखा के लिंक को बीएसएनएल ने दुरुस्त कर चालू कर दिया. लिंक बहाल होते ही बैंक में रुपये की निकासी और जमा सहित अन्य बैंकिंग कार्य शुरू हो गये. इससे पिछले पांच दिनों से 20 से 25 किलोमीटर दूर से बैंक पहुंचने के बाद बिना रुपये निकासी के बैरंग लौटने वाले ग्राहकों ने राहत की सांस ली.

PNB गोडसरा लिंक बहाल करने में जुटे BSNL कर्मी

बुधवार की अहले सुबह खबर को गंभीरता से लेते हुए बीएसएनएल के पदाधिकारी और कर्मी दुर्गा चौक से सूर्य मंदिर जाने वाली मुख्य सड़क स्थित एक्सचेंज कार्यालय के सामने पहुंचे. कर्मियों ने टूटे तार की रिपेयरिंग का काम शुरू किया. मौके पर काम कर रहे बीएसएनएल कर्मी सोनू ने दो से तीन घंटे के भीतर लिंक बहाल करने का दावा किया था. उनका दावा धरातल पर पूरी तरह सही साबित हुआ. निर्धारित समय के भीतर लिंक चालू हो गया और PNB गोडसरा की बैंकिंग व्यवस्था पटरी पर लौट आयी.

11 बजे PNB गोडसरा में शुरू हुई रुपये की निकासी और जमा

लिंक बहाल होने के बाद बुधवार को करीब 11 बजे बैंक पहुंचे ग्राहकों को रुपये की निकासी और जमा करते देखा गया. शाखा प्रबंधक भी अपने कार्यालय में बैठकर ग्राहकों के बैंकिंग कार्यों का निष्पादन करते नजर आये. पांच दिनों से बैंक का लिंक फेल रहने के कारण जहां ग्राहकों के जरूरी काम अटके हुए थे, वहीं बुधवार को बैंक खुलते ही सामान्य बैंकिंग गतिविधियां शुरू हो गयीं.

रुपए निकासी के लिए बैंक में काउंटर पर ग्राहकों की लगी कतार, अपने कार्यालय में ग्राहकों का काम करते शाखा प्रबंधक | Prabhat Khabar Network

30 हजार ग्राहकों को PNB लिंक फेल होने से हुई परेशानी

लिंक फेल होने के कारण करीब 30 हजार उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. रुपये जमा और निकासी से लेकर आरटीजीएस, केवाईसी सहित बैंकिंग से जुड़े कई जरूरी कार्य पूरी तरह ठप थे. शादी, इलाज और अन्य जरूरी कामों के लिए रुपये की आवश्यकता वाले लोगों को मजबूरी में 20 से 25 किलोमीटर दूर दूसरी शाखाओं का रुख करना पड़ रहा था.

रामगढ़ एक्सचेंज के आगे पेड़ बना था PNB लिंक की असली बाधा

इस पूरे मामले में एक महत्वपूर्ण तथ्य भी सामने आया. शाखा प्रबंधक द्वारा लिंक फेल होने की वजह मोहनिया के समीप सड़क खुदाई के दौरान केबल कटने को बताया गया था. वहीं बीएसएनएल कर्मी के अनुसार मोहनिया में सड़क खुदाई के दौरान लिंक केवल एक दिन बाधित हुआ था. इसके बाद पिछले चार दिनों से रामगढ़ एक्सचेंज कार्यालय के आगे तार पर गिरे पेड़ के कारण लिंक बाधित रहा.

रुपए निकासी के लिए बैंक में काउंटर पर ग्राहकों की लगी कतार, अपने कार्यालय में ग्राहकों का काम करते शाखा प्रबंधक | Prabhat Khabar Network

पेड़ हटने के बाद PNB लिंक की मरम्मत शुरू

बीएसएनएल कर्मी ने बताया कि बीच में एक दिन कुछ घंटों के लिए लिंक को किसी तरह चालू किया गया था, लेकिन समस्या पूरी तरह दूर नहीं हो सकी. मंगलवार को वन विभाग द्वारा तार पर गिरे पेड़ की कटाई के बाद बीएसएनएल ने बुधवार की सुबह टूटे तार की मरम्मत शुरू की. इसके कुछ ही घंटों बाद PNB गोडसरा का लिंक बहाल कर दिया गया.

रुपए निकासी के लिए बैंक में काउंटर पर ग्राहकों की लगी कतार, अपने कार्यालय में ग्राहकों का काम करते शाखा प्रबंधक | Prabhat Khabar Network

खबर के बाद PNB ग्राहकों की समस्या का हुआ समाधान

ग्राहकों की इस ज्वलंत समस्या को लेकर मंगलवार की दोपहर प्रभात खबर ने बैंक पहुंचकर परेशान उपभोक्ताओं की पीड़ा उन्हीं की जुबानी प्रमुखता से प्रकाशित की थी. खबर प्रकाशित होने के बाद बीएसएनएल की ओर से तत्काल पहल की गयी और बुधवार को बैंकिंग सेवा बहाल हो गयी.

PNB लिंक बहाल होने पर ग्राहकों ने कहा थैंक्स प्रभात खबर

समस्या का समाधान होने के बाद ग्राहकों ने राहत जताते हुए कहा, “थैंक्स प्रभात खबर.” लोगों का कहना था कि यदि समस्या के समाधान के लिए इसी तरह तत्परता दिखाई जाये, तो आम लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सकता है.

ALSO READ : प्रभात खबर की खबर का असर, पांच दिन से ठप PNB गोडसरा का लिंक दुरुस्त करने में जुटा BSNL

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय जायसवाल

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >