कैमूर में पैक्स चुनाव की नई तारीख घोषित, विवाद के बाद प्रक्रिया शुरू, 3 जुलाई को मतदान और रिजल्ट

Kaimur PACS Elections: कैमूर के भितरीबांध पैक्स चुनाव को लेकर नया शेड्यूल जारी कर दिया गया है. मतदाता सूची विवाद सुलझने के बाद चुनाव प्रक्रिया फिर से शुरू होगी. संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 3 जुलाई को मतदान और उसी दिन मतगणना होगी. करीब ढाई महीने बाद चुनाव होने से स्थानीय मतदाताओं में उत्साह बढ़ गया है.

Kaimur PACS Elections:(राजू कुमार) कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड अंतर्गत भितरीबांध पैक्स चुनाव को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है. बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार ने 11 जून को स्थगित चुनाव के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है. मतदाता सूची से जुड़े विवाद के निष्पादन के बाद अब चुनावी प्रक्रिया दोबारा शुरू होगी.

पहले विवाद के कारण स्थगित हुआ था चुनाव

गौरतलब है कि अधिसूचना संख्या-681 दिनांक 18 मार्च 2026 के तहत पहले चुनाव कार्यक्रम जारी किया गया था. लेकिन मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर उठे विवाद के कारण 8 अप्रैल 2026 को अधिसूचना संख्या-863 के जरिए चुनाव स्थगित कर दिया गया था. अब 10 जून 2026 को आदेश जारी कर विवाद का समाधान कर लिया गया है.

क्या है नया चुनावी कार्यक्रम

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार-

  • 13 जून: संशोधित मतदाता सूची का प्रकाशन
  • 20 से 22 जून: नामांकन (सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक)
  • 23-24 जून: नामांकन पत्रों की समीक्षा
  • 25 जून: अभ्यर्थिता वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन
  • 3 जुलाई: मतदान (सुबह 7 बजे से शाम 4:30 बजे तक)
  • मतगणना: मतदान के तुरंत बाद उसी दिन

प्रचार-प्रसार और निगरानी के निर्देश

निर्वाचन प्राधिकार ने निर्देश दिया है कि मतदाताओं के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए. इसके लिए संबंधित अधिकारियों को हैंडबुक के निर्देशों का पालन करना होगा. रामपुर के सीओ सह निर्वाचन पदाधिकारी को 16 जून तक अनुपालन रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है.

फोटो पर क्लिक कर रजिस्टर करें

बदले जाएंगे मतदान केंद्र

निर्देश के अनुसार, इस बार मतदान केंद्र पैक्स गोदाम कार्यालय के बजाय किसी सरकारी भवन में स्थापित किया जाएगा, ताकि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न हो सके.

रिजल्ट होगा ऑनलाइन अपलोड

मतदान समाप्त होने के बाद निर्वाचित सदस्यों की सूची और अंतिम मतदाता सूची को स्कैन कर प्राधिकार की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा. इसके लिए पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा.

ढाई महीने बाद चुनाव को लेकर बढ़ा उत्साह

करीब ढाई महीने से स्थगित इस चुनाव को लेकर अब किसानों और स्थानीय मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है. निर्वाचन प्राधिकार ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के निर्देश जारी किए हैं.

Also Read: आरा में राजस्व कर्मचारी पर हमला, कार्यालय में घुसकर पीटा, हथियार दिखाकर दी धमकी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >