कैमूर का रामपुर पैक्स चुनाव संपन्न, 66.19 प्रतिशत हुआ मतदान; राज कमल सिंह 196 वोट से जीते

Kaimur PACS Election Result 2026 : रामपुर के भीतरीबांध पंचायत में पैक्स चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसमें 66.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. अध्यक्ष पद पर राज कमल सिंह ने 196 वोटों से जीत हासिल की. कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना पूरी हुई और परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई.

Kaimur PACS Election Result 2026 : कैमूर के रामपुर प्रखंड के भीतरीबांध पंचायत में पैक्स चुनाव शुक्रवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया. इस चुनाव में कुल 66.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो स्थानीय स्तर पर अच्छी भागीदारी मानी जा रही है. मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे समाप्त होने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच सभी मतपेटियों को बेलांव पंचायत सरकार भवन लाया गया. यहां देर शाम 7:30 बजे से मतगणना शुरू हुई, जो लगभग 6 घंटे तक चली और रात करीब 1 बजे पूरी तरह शांतिपूर्वक संपन्न हो गई.

Kaimur News : तीन टेबल पर हुई मतगणना, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

मतगणना प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए कुल तीन टेबल लगाए गए थे. इन टेबलों पर 12 कर्मियों की टीम ने मतों की गिनती की. पूरे मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. बेलांव थाना की पुलिस के साथ करमचट थाना के थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान अपनी टीम के साथ तैनात रहे. इसके अलावा जिला स्तर से भी अतिरिक्त पुलिस बल और दंगा नियंत्रण कमांडो के जवानों को बज्रगृह और मतगणना स्थल पर लगाया गया था.

PACS Election Result : अध्यक्ष पद पर राज कमल सिंह की शानदार जीत

पैक्स अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में राज कमल सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मनोज कुमार जयसवाल को 196 मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की. राज कमल सिंह को कुल 775 मत मिले, जबकि मनोज कुमार जयसवाल को 579 मत प्राप्त हुए. वहीं तीसरे प्रत्याशी शत्रुघन यादव को 37 मतों से संतोष करना पड़ा. राज कमल सिंह इससे पहले भी पैक्स अध्यक्ष रह चुके हैं, जिससे उनकी पकड़ क्षेत्र में मजबूत मानी जा रही है.

सदस्य पद पर 11 प्रत्याशी विजयी, 2 निर्विरोध

22 सदस्यीय समिति के गठन के लिए हुए चुनाव में कोटिवार कुल 11 सदस्य विजेता घोषित किए गए. इनमें से 2 सदस्य पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके थे. बाकी पदों पर मुकाबले के बाद विजेताओं की घोषणा की गई. इससे समिति का गठन पूरा हो गया है.

Pax Chunav : कुल 1451 वोट पड़े, 60 मत हुए निरस्त

निर्वाचन पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी अनु कुमारी ने बताया कि चुनाव में कुल 1451 मत डाले गए. इनमें से 1391 मत वैध पाए गए, जबकि 60 मत निरस्त कर दिए गए. मतगणना पूरी होने के बाद सभी विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र भी सौंप दिया गया.

परिणाम के बाद समर्थकों में उत्साह

जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, राज कमल सिंह के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई. समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और जोरदार नारेबाजी करते हुए जीत का जश्न मनाया. पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला.

भीतरीबांध पंचायत का पैक्स चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होना प्रशासन के लिए राहत की बात रही. कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली. अब सभी की नजर नवनिर्वाचित अध्यक्ष और समिति के कामकाज पर टिकी है कि वे क्षेत्र के विकास और किसानों के हित में किस तरह की पहल करते हैं.

Also Read: कैमूर में 48 लीटर बीयर के साथ नाबालिग गिरफ्तार, उत्पाद विभाग की छापेमारी; तस्करी के बड़े नेटवर्क की जांच शुरू

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Raju kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >