कैमूर में बिजली विभाग के ठेकेदार और सुपरवाइजर पर रिश्वत लेने का आरोप, विधायक ने दिए FIR के निर्देश

Kaimur News: कैमूर के कर्मनाशा में बिजली विभाग की समीक्षा बैठक में विधायक सतीश यादव ने किसानों से वसूली के आरोप पर मॉडर्न कंपनी के सुपरवाइजर और ठेकेदार पर FIR दर्ज करने का निर्देश दिया. जले ट्रांसफार्मर बदलने और बिजली व्यवस्था सुधारने के भी निर्देश दिए.

कर्मनाशा से मैनुद्दीन शाह की रिपोर्ट :
Kaimur News:
रामगढ़ विधायक सतीश यादव उर्फ पिंटू ने बुधवार को कर्मनाशा स्थित सिंचाई विभाग के डाक बंगले में बिजली विभाग के सप्लाई एवं प्रोजेक्ट अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानी का समय आ गया है और क्षेत्र में भीषण गर्मी भी पड़ रही है. इसे ध्यान में रखते हुए जले हुए ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदला जाए. इसमें किसी प्रकार की टालमटोल नहीं होनी चाहिए.

पोल का तार लगाने और बिल में सुधार करने का निर्देश

उन्होंने ट्रिपिंग की समस्या और आंधी-पानी में खराब हुई बिजली लाइन को तुरंत सही करने का निर्देश दिया. साथ ही कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए पोल और तार की मरम्मत का कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए. विधायक ने बताया कि अहिवास में 15 पोल का तार चोरी हो गया है, जिसे जल्द लगाने का निर्देश दिया गया है.

उन्होंने कहा कि मुखराव में दो साल पहले 40 पोल का तार चोरी हो गया था और इस मामले की जानकारी विभाग को भी है. इसके बावजूद वहां बिजली बिल आ रहा है. उन्होंने विभाग को चोरी हुए 40 पोल का तार लगाने और बिल में सुधार करने का निर्देश दिया.

कॉन्ट्रैक्टर और सुपरवाइजर पर किसानों ने लगाए आरोप

विधायक ने तार, पोल और ट्रांसफार्मर लगाने वाली बजाज एवं मॉडर्न कंपनी के कर्मियों को जमकर फटकार लगाई. उन्होंने कहा कि मॉडर्न कंपनी के पीटी कॉन्ट्रैक्टर के ठेकेदार विनोद और सुपरवाइजर पीयूष पर किसानों ने गंभीर आरोप लगाए हैं. इटही के रामाश्रय सिंह से तार-पोल लगाने के एवज में 7,000 रुपये लेने और 9,000 रुपये अतिरिक्त मांगने का आरोप है, जिसका ऑडियो किसान ने उन्हें उपलब्ध कराया है. विधायक ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश बिजली विभाग के अधिकारियों को दिया.

उन्होंने कहा कि इसीपुर और रमकलपुर पावर सब स्टेशन का निर्माण कार्य जारी है. इसे 1 जुलाई तक पूरा करने का निर्देश भी दिया गया.

बैठक में बिजली विभाग के एसडीओ जितेंद्र कुमार, बजाज कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर चिन्मय दास, मॉडर्न प्रोजेक्ट मैनेजर एम. ए. खान, आलोक कुमार, जेई दुर्गावती रौनक कुमार कश्यप, राधेश्याम साहनी, रामदयाल, मुन्ना यादव, नीरज यादव, कमलेश सहित बिजली विभाग के अन्य अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे.

Also Read: बक्सर में संस्कृत विद्यालयों और मदरसे की जांच, बुनियादी सुविधाओं की खुली पोल

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumarsuryakant

सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >