Kaimur News. भभुआ (सदर). कैमूर जिले में पिछले दिनों से बेहिसाब गर्मी पड़ रही है. हालांकि, बीच-बीच में बारिश हो जाने से मौसम सुहाना बन रहा है. छिटपुट बारिश के बावजूद उमस और गर्मी पीछा नहीं छोड़ रही है. इधर, दो दिन से पारा फिर 41 डिग्री से अधिक हो जाने की वजह से धूप के साथ उमस और गर्मी उफान पर है. इससे गुरुवार काे भी तापमान बरकरार रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को भी दोपहर बाद 25 से 30 किमी की रफ्तार से हवा और गरज के साथ बारिश के आसार है.
अभी गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिलने वाली
इधर, लगातार पुरवा हवा चलने और आर्दता 61 प्रतिशत से अधिक रहने से उमस बरकरार रहेगी. गुरुवार को तापमान की संभावित स्थिति अधिकतम तापमान लगभग 39-41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29-31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. गुरुवार की सुबह और शाम के समय आसमान में बादल छा सकते हैं और बारिश भी हो सकती है, जबकि हवाएं हल्की से मध्यम और हवा की रफ्तार 25 से 30 किमी प्रति घंटे पूरब से पश्चिम की ओर रहेंगी. इसीलिए गर्मी, धूप व उमस से लोगों को राहत नहीं मिलने वाली है. 10 बजे दिन के बाद लोगों को घर से निकलने में सावधानी बरतने की जरूरत है और अगर निकलना भी है, तो धूप से बचाव के लिए हेलमेट, गमछा, टोपी या छाता लेकर निकलने की जरूरत है.
