Kaimur News : कैमूर पुलिस ने जिले में अपराध नियंत्रण और वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए गए विशेष अभियान के तहत 1 जुलाई को विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी की. इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग मामलों में संलिप्त कुल 22 लोगों को गिरफ्तार किया है. यह महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय द्वारा गुरुवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है.
9 वारंटी भी गिरफ्तार
प्रेस रिलीज के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में विभिन्न मामलों के 9 वारंटी, हत्या के प्रयास के मामले में नामजद 7 आरोपी, बीएनएसएस की धारा 170 के तहत निवारक निरोध में लिए गए 4 व्यक्ति, शराब के सेवन के आरोप में 2 व्यक्ति, हत्या के एक मामले का 1 आरोपी तथा अन्य विभिन्न मामलों में संलिप्त 7 आरोपी शामिल हैं.
देशी शराब और मोटरसाइकिल बरामद
इस सघन छापेमारी के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से 11.2 लीटर देशी शराब और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है. इसके साथ ही, जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर चलाए गए सघन वाहन जांच अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 7 वाहनों से कुल 9 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया है.
आगे भी जारी रहेगी छापेमारी
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी विज्ञप्ति में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि जिले में अपराधियों और कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा. जिले में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा नियमित रूप से छापेमारी और वाहन जांच अभियान लगातार संचालित किए जाएंगे, ताकि अपराध पर अंकुश लगाया जा सके.
Also Read : सीएम सम्राट और नीतीश कुमार के खिलाफ किया था आपत्तिजनक टिप्पणी, अब पुलिस ने कैमूर से दबोचा
