चैनपुर में ही बनेगा मेडिकल कॉलेज, नीतीश कुमार के दौरे के बीच मंत्री जमा खान का बड़ा बयान

Kaimur News: जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार सोमवार को कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत नौघरा गांव पहुंचे. वहां उन्होंने बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान के आवास पर जाकर उनके परिवार से मुलाकात की. इस दौरान उनके साथ मंत्री अशोक चौधरी भी मौजूद रहे. नीतीश कुमार के जाने के बाद मंत्री जमा खान ने हाल ही में ट्रैक्टर हादसे में जान गंवाने वाले दो बच्चों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा और मीडिया को आश्वस्त किया कि मेडिकल कॉलेज चैनपुर में ही बनेगा.

रामपुर से राजू कुमार की रिपोर्ट :
Kaimur News: प्रखंड क्षेत्र के नौघरा गांव में सोमवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के आगमन को लेकर पूरे दिन राजनीतिक सरगर्मी बनी रही. दोपहर 12:37 बजे नौघरा पहुंचे नीतीश कुमार ने चैनपुर विधायक एवं बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान के आवास पर पहुंचकर उनके माता-पिता एवं परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की तथा उनका हालचाल जाना. पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना पर बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता मंत्री के आवास पर पहुंच गए थे. कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया और उनके समर्थन में जमकर नारे लगाए. नीतीश कुमार ने हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया.

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहुंचे नेता

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा. जिन मार्गों से उनका काफिला गुजरना था, वहां लिंक सड़कों पर बैरियर लगाए गए थे ताकि आवागमन नियंत्रित रहे और सुरक्षा में कोई चूक न हो. कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच मेटल डिटेक्टर मशीन से की जा रही थी. हालांकि नीतीश कुमार करीब 20 मिनट तक नौघरा में रहे, लेकिन उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित नहीं किया. इससे कई कार्यकर्ताओं में निराशा देखने को मिली. सुबह से ही चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उन्हें सुनने की उम्मीद लेकर पहुंचे थे, लेकिन संबोधन नहीं होने से वे मायूस नजर आए. इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ मंत्री अशोक चौधरी भी थे.

नामांकन के व्यस्त कार्यक्रम के बीच पहुंचे नीतीश कुमार, मंत्री ने जताया आभार

मंत्री मोहम्मद जमा खान ने बताया कि सोमवार को एमएलसी चुनाव के लिए एनडीए समर्थित उम्मीदवारों का नामांकन होना था तथा नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार का नामांकन भी उसी दिन था. इसके बावजूद जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पहले चैनपुर आकर अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मिलने को प्राथमिकता दी. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार हमेशा कार्यकर्ताओं से जुड़े रहने वाले नेता रहे हैं और उनका यह दौरा इसका उदाहरण है.

मंत्री बोले- चैनपुर में ही बनेगा मेडिकल कॉलेज

कार्यक्रम के बाद मंत्री मोहम्मद जमा खान ने हाल ही में ट्रैक्टर हादसे में जान गंवाने वाले नौघरा निवासी कालामुद्दीन अंसारी के 11 वर्षीय पुत्र शैस अंसारी तथा हसीर धोबी के 14 वर्षीय पुत्र सेचन अली के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा. उन्होंने कहा कि दोनों परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है, लेकिन दुख की इस घड़ी में सरकार और वे स्वयं परिवारों के साथ खड़े हैं.

इसके बाद प्रेसवार्ता के दौरान अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान ने कहा कि मेडिकल कॉलेज चैनपुर में ही बनेगा. उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि कैमूर में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज चैनपुर में ही बनेगा. उन्होंने कहा कि लोगों के मन में बार-बार यह बात आती है, लेकिन लोगों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि मेडिकल कॉलेज का चैनपुर में बनना तय है. उन्होंने कहा कि चैनपुर की जनता ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है, जिसका कर्ज वे जीवन भर नहीं उतार सकते.

Also Read: डुमरांव अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी, तीन नवजातों की हालत बिगड़ने से उठे सवाल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >