नौहट्टा में सड़क हादसा: टहलने निकली महिला की मौत, बाइक सवार की ग्रामीणों ने की पिटाई

कैमूर जिले के बेलांव थाना क्षेत्र अंतर्गत नौहट्टा गांव में मंगलवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई.

kaimur News : (अमित कुमार सिन्हा) कैमूर जिले के बेलांव थाना क्षेत्र अंतर्गत नौहट्टा गांव में मंगलवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार महिला शाम को टहलने के लिए निकली थी. इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने जाेरदार टक्कर मार दी. वहां मौजूद ग्रामीणों ने बाइक सवार को पकड़कर पिटाई कर दी. जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया.

नौहट्टा गांव की थी महिला

मृत महिला की पहचान नौहट्टा गांव निवासी विनोद पासवान की 35 वर्षीय पत्नी बेचनी देवी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि मंगलवार रात करीब 8 बजे वह घर से टहलने के लिए निकली थीं. इसी दौरान नौहट्टा हाई स्कूल के समीप बेलांव से चेनारी की ओर जा रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.

रामपुर सीएचसी में इलाज के दौरान हो गई मौत

हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. स्थानीय लोगों की मदद से पहले उन्हें रामपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर भभुआ सदर अस्पताल रेफर किया गया. सदर अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. कमलेश ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया.

भभुआ सदर अस्पताल में युवक का चल रहा इलाज

इधर, दुर्घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे बाइक सवार युवक प्रिंस पाठक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया. आक्रोशित लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी. युवक मोहनिया थाना क्षेत्र के कृष्णपुरा गांव निवासी राम प्रवेश पाठक का 20 वर्षीय पुत्र बताया गया है. पिटाई में गंभीर रूप से घायल युवक को भी इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बेलांव थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची. पुलिस ने शव का पंचनामा कर देर रात पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया. परिजनों के अनुसार, गर्मी और उमस अधिक होने के कारण बेचनी देवी रात में सड़क पर टहल रही थीं. उसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ. फिलहाल बेलांव थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

Also Read : कृष्ण मुरारी परिवार हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुल छह आरोपी भेजे गए जेल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: raginisharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >