Kaimur News:(विनोद कुमार सिंह) मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल में एक्स-रे मशीन खराब हो जाने से मरीजों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. सोमवार दोपहर करीब दो बजे के बाद मशीन में तकनीकी खराबी आने के कारण एक्स-रे जांच सेवा पूरी तरह प्रभावित हो गई. मंगलवार को भी मशीन ठीक नहीं हो सकी, जिससे अस्पताल पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
जांच नहीं होने से मरीजों को लौटना पड़ा
जानकारी के अनुसार, अस्पताल में एक्स-रे सेवा एक एनजीओ के माध्यम से संचालित की जाती है. सोमवार को मशीन खराब होने के बाद कई मरीजों की जांच प्रभावित हुई. हालांकि ओपीडी समय में पहुंचे अधिकांश मरीजों की जांच पहले ही हो चुकी थी, लेकिन मंगलवार को पूरे दिन एक्स-रे सेवा बंद रहने से स्थिति गंभीर हो गई. डॉक्टरों द्वारा एक्स-रे कराने की सलाह दिए जाने के बावजूद मशीन खराब रहने के कारण कई मरीज जांच नहीं करा सके. कुछ मरीजों को मजबूरी में निजी जांच केंद्रों का सहारा लेना पड़ा, जबकि कई लोग बिना जांच कराए ही वापस लौट गए.
गरीब मरीजों पर सबसे ज्यादा असर
मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि अनुमंडलीय अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में एक्स-रे जैसी महत्वपूर्ण जांच सेवा ठप होने से गरीब और जरूरतमंद मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है. लोगों ने अस्पताल प्रशासन से जल्द से जल्द मशीन को ठीक कराने की मांग की है, ताकि मरीजों को राहत मिल सके.
जल्द बहाल होगी सेवा
इस संबंध में अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. विजय कुमार ने बताया कि एक्स-रे तकनीशियन द्वारा मशीन में खराबी की सूचना दी गई है. मशीन की मरम्मत कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द से जल्द एक्स-रे सेवा को पुनः बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है.
