kaimur News : (मैनुद्दीन शाह) कैमूर के रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक अंबिका यादव का बुधवार को निधन हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. समर्थकों, शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है.
छह माह से चल रहा था इलाज
जानकारी के अनुसार, करीब छह माह पूर्व अंबिका यादव को ब्रेन हैमरेज हुआ था, जिसके बाद से उनका लगातार इलाज चल रहा था. हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली.
दो बार विधायक रहकर बनाई अलग पहचान
अंबिका यादव वर्ष 2009 और 2010 में रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे थे. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और विकास कार्यों को आगे बढ़ाया. आम जनता के बीच उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी.
सरल स्वभाव और जनसेवा के लिए थे प्रसिद्ध
वे अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए जाने जाते थे. गरीबों और जरूरतमंदों की आवाज बनकर उन्होंने लोगों के दिलों में खास जगह बनाई.
राजनीतिक व सामाजिक जगत में शोक
उनके निधन की सूचना मिलते ही राजनीतिक गलियारों से लेकर आम लोगों तक शोक का माहौल है। लोगों का कहना है कि अंबिका यादव के रूप में क्षेत्र ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और समाजसेवी को खो दिया है.
