शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग ने NH-19 स्थित यूपी-बिहार सीमा के उत्पाद चेकपोस्ट से करीब 1.25 करोड़ रुपये मूल्य की 8347 लीटर शराब बरामद की है. शराब को पंजाब से ट्रक में आलू की आड़ में छिपाकर बिहार लाया जा रहा था. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है. उत्पाद विभाग के अनुसार रविवार की मध्य रात्रि गुप्त सूचना के आधार पर चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच की जा रही थी.
आलू की बोरियों में छिपा कर रखी थीं शराब की बोतलें
ट्रक को रोककर हैंड स्कैनर मशीन से जांच की गयी. जांच में ट्रक में आलू की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गयी विभिन्न ब्रांडों की शराब बरामद हुई. जब्त शराब की कुल मात्रा 8347 लीटर है. उत्पाद चेकपोस्ट प्रभारी संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर टीम गठित कर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी. इसी दौरान आलू की आड़ में शराब की बड़ी खेप लेकर जा रहे ट्रक को पकड़ा गया.
पंजाब के रहनेवाले हैं ट्रकचालक व खलासी
मामले में पंजाब निवासी चालक बादल सिंह और सह चालक शमशेर सिंह को गिरफ्तार किया गया है. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि शराब माफिया ने कार्रवाई से बचने के लिए बोतलों पर अंकित बैच नंबर मिटा दिए थे. इससे शराब की खेप के स्रोत और आपूर्ति श्रृंखला की पहचान छिपाने का प्रयास किया गया था. उत्पाद विभाग ने शराब को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
