कुदरा कैमूर. बिजली चोरी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत पुसौली विद्युत आपूर्ति प्रशाखा की टीम ने मंगलवार को कुदरा थाना क्षेत्र के बहेरा गांव में छापेमारी की. इस दौरान एक व्यक्ति को बिना विद्युत कनेक्शन लिए टोका फंसाकर बिजली चोरी करते पकड़ा गया. मामले में विद्युत विभाग ने कुदरा थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है.
बहेरा गांव में टोका फंसाकर हो रही थी बिजली चोरी
कनीय विद्युत अभियंता सह सहायक विद्युत अभियंता का.प्र. मो. जावेद अंसारी के नेतृत्व में गठित टीम ने बहेरा गांव के वार्ड संख्या 12 में पानी टंकी के समीप राजेश्वर सिंह करीब 40 वर्ष, पिता शिव शंकर सिंह के आवासीय परिसर में छापेमारी की. विभाग के अनुसार, जांच के दौरान पास के निम्न विभव तार में टोका फंसाकर 2436 वाट विद्युत भार की अवैध रूप से बिजली चोरी की जा रही थी.
बिजली चोरी में प्रयुक्त PVC तार किया जब्त
छापेमारी के दौरान टीम ने बिजली चोरी में प्रयुक्त पीवीसी तार को मौके पर आंशिक रूप से काटकर जब्त किया. जांच के दौरान परिसर में विद्युत कनेक्शन से संबंधित कोई कागजात भी प्रस्तुत नहीं किया गया.
बिजली विभाग को 1.68 लाख रुपये से अधिक की क्षति
विद्युत विभाग ने बताया कि बिजली चोरी से साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड को 1,68,977 रुपये की अनुमानित क्षति हुई है. इसमें विद्युत अधिनियम की धारा 152 के तहत निर्धारित कंपाउंडिंग राशि शामिल नहीं है.
कुदरा थाने में प्राथमिकी के लिए दिया आवेदन
बिजली चोरी के मामले में विद्युत विभाग ने कुदरा थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है. विभाग की टीम ने जांच के दौरान बिजली चोरी में इस्तेमाल किये जा रहे तार को जब्त कर लिया.
छापेमारी टीम में ये अधिकारी और कर्मी रहे शामिल
छापेमारी दल में सहायक विद्युत अभियंता फतिंगन, कनीय सारणी पुरुष राधेश्याम गुप्ता, विद्युतज्ञ मो. असलम परवेज और मानवबल गोपाल शर्मा शामिल थे.
