Kaimur Crime News: (विनोद कुमार सिंह) कैमूर के मोहनिया थाना क्षेत्र के बघिनी गांव के बधार में युवक की गला रेतकर क्रूर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जिसके बाद पूछताछ में हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हुआ.
फोन कर बुलाया, शराब पिलाई और फिर की हत्या
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राम दुलार राम के पुत्र अखिलेंद्र प्रताप (25 वर्ष)के रूप में हुई. निवासी बघिनी गांव का है. आरोपी ने पुलिस को बताया कि मृतक शशि कुमार ने उसकी बहन को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था. जहां इस मामले में पहले से मोहनिया थाना में प्राथमिकी दर्ज थी. इसी रंजिश में आरोपी ने 9 जून को शशि को फोन कर गांव बुलाया. अखिलेंद्र प्रताप ने पहले शशि को शराब पिलाई. फिर शाम होते ही लाठी-डंडे से बुरी तरह पीटा गया. पिटाई के बाद जब वह बेहोश हो गया तो आरोपी ने चाकू से उसका गला रेत दिया और पेट में वार कर शशि की हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को बधार में फेंक दिया गया.
शव मिलने के बाद हुआ खुलासा
गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने बघिनी गांव के सिवान में एक अर्ध-सड़ा शव देखा और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया. बाद में मृतक की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के नौआ झोटी गांव निवासी शिव कुमार राम के पुत्र शशि कुमार के रूप में हुई. शव की स्थिति खराब होने के कारण पोस्टमार्टम के लिए पटना पीएमसीएच भेजा गया.
दसौती नहर के पास से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अखिलेंद्र प्रताप को दसौती नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया. घटना स्थल पर कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला भी पहुंचे और मामले की जांच की.
पिता ने चार लोगों के खिलाफ दर्ज कराई प्राथमिकी
मृतक के पिता शिव कुमार राम ने बघिनी गांव के चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. आरोपियों में राम दुलार राम और उनके तीन बेटे शामिल हैं. फर्द बयान में उन्होंने बताया कि आरोपी अपने बेटी की शादी उनके बेटे से कराना चाहते थे, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया था. इसी रंजिश में हत्या की गई.
थानाध्यक्ष का बयान
मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. गिरफ्तार आरोपी को मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में पेश किया गया है.
Also Read:कैमूर में शादी से इंकार करने पर युवक की गला रेतकर हत्या, लड़की का भाई गिरफ्तार
