जिस दोस्त को नौकरी दिलाने दिल्ली बुलाया, उसी ने ले ली जान, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

Kaimur Crime News : कैमूर जिले के रामगढ़ के दो दोस्तों के बीच दिल्ली में हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक दोस्त ने दूसरे की बेरहमी से चाकू गोदकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान रामगढ़ नगर क्षेत्र निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उसी के दोस्त शुभम वर्मा पर लगा है. रोहित ने करीब तीन माह पहले शुभम को रोजगार दिलाने के उद्देश्य से दिल्ली बुलाया था.

Kaimur Crime News (रामगढ़ से संजय जायसवाल की रिपोर्ट ) :
दोस्ती, विश्वास और सहारे की मिसाल माने जाने वाले रिश्ते का एक दर्दनाक अंत दिल्ली में देखने को मिला है. यहां रामगढ़ के दो दोस्तों के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक दोस्त ने दूसरे की बेरहमी से चाकू गोदकर हत्या कर दी. घटना से मृतक के परिवार में गहरा सदमा है और पूरा रामगढ़ क्षेत्र स्तब्ध है. मृतक की पहचान रामगढ़ नगर क्षेत्र निवासी रोहित कुमार (पिता- दयाल साह) के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उसी के दोस्त शुभम वर्मा (पिता- रामदुलार सेठ) पर लगा है.

बताया जाता है कि रोहित पिछले कई महीनों से दिल्ली में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी कर रहा था. करीब तीन माह पहले उसने आर्थिक तंगी से जूझ रहे अपने मित्र शुभम को भी रोजगार दिलाने के उद्देश्य से दिल्ली बुलाया था. दोनों एक ही किराए के कमरे में रहते थे और साथ मिलकर नौकरी कर रहे थे.

शनिवार देर रात हुआ विवाद, चाकू से ताबड़तोड़ वार कर ली जान

परिजनों और पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि गुस्से में आए शुभम ने चाकू उठाकर रोहित पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर किए गए हमले इतने गंभीर थे कि रोहित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया. जांच के दौरान मृतक के पास मिले पहचान पत्र से उसकी शिनाख्त की गई तथा रामगढ़ थाना को घटना की जानकारी दी गई. पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली के विभिन्न इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी है.

चोरी के मामले में जेल जा चुका है आरोपी

जानकारी के अनुसार, आरोपी शुभम वर्मा का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पूर्व में रामगढ़ थाना क्षेत्र के एक चोरी के मामले में जेल जा चुका है. हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस का मानना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा. इधर, घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं.

रामगढ़ क्षेत्र में शोक और आक्रोश, हत्यारे को कड़ी सजा देने की मांग

रामगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है. लोगों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर है कि जिस दोस्त को सहारा देकर रोजगार के लिए दिल्ली बुलाया गया, उसी ने विश्वास को तार-तार करते हुए अपने मित्र की जान ले ली. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है. वहीं, परिजन और स्थानीय लोग हत्यारे की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं.

Also Read: घर से शौच के लिए निकली छात्रा के साथ दुष्कर्म का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >