भगवानपुर थाना क्षेत्र के मसहीं पहाड़ की तराई में भैंसों के खटाल में शराब बेचने का मामला सामने आया है. शनिवार देर शाम पुलिस ने छापेमारी कर 12 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की. पुलिस ने मौके से शराब के अवैध कारोबारी को गिरफ्तार करने के साथ शराब का सेवन कर रहे दो लोगों को भी पकड़ा.
खटाल में छापेमारी कर बरामद हुई महुआ शराब
पुलिस ने शराब की सूचना मिलने के बाद मसहीं पहाड़ की तराई स्थित भैंसों के खटाल के आसपास सर्च अभियान चलाया. काफी देर तक तलाशी के बाद अलग-अलग कोल्ड ड्रिंक की बोतलों में रखी 12 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की गयी.
शराब कारोबारी रमेंद्र राम गिरफ्तार
गिरफ्तार कारोबारी की पहचान मसहीं गांव निवासी 55 वर्षीय रमेंद्र राम, पिता स्व. लालमुनी राम के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, रमेंद्र राम खटाल में दूध उत्पादन और बिक्री की आड़ में शराब बेचने का कथित अवैध कारोबार कर रहा था.
शराब पी रहे दो लोगों को भी पुलिस ने पकड़ा
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से शराब का सेवन कर रहे दो लोगों को भी गिरफ्तार किया. इनमें भगवानपुर गांव निवासी गणेश चौरसिया के पुत्र विंध्याचल चौरसिया और मसहीं गांव निवासी चंदन कुमार शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों में कारोबारी के शराब पीने की भी पुष्टि हुई है.
पुलिस की कार्रवाई से मौके पर जुटी भीड़
पुलिस की छापेमारी की जानकारी मिलते ही मौके पर दर्जनों लोगों की भीड़ जमा हो गयी. लोग शराब की बिक्री और गिरफ्तारी को लेकर आपस में चर्चा करते नजर आए. कार्रवाई के दौरान कुछ शराबियों के मौके से भाग जाने की भी सूचना मिली है.
पहले भी दो बार जेल जा चुका है कारोबारी
थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रमेंद्र राम पिछले कई वर्षों से पहाड़ की तराई में भैंसों का खटाल खोलकर दूध उत्पादन और बिक्री की आड़ में शराब बेच रहा था. पुलिस के अनुसार, शराब बेचने के मामले में वह पहले भी दो बार जेल जा चुका है.
तीनों आरोपियों पर होगी कानूनी कार्रवाई
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार तीनों लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. रविवार को तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. पुलिस शराब के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
