Kaimur News : कैमूर पुलिस ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सघन छापेमारी अभियान चलाकर 28 आरोपितों को गिरफ्तार किया है. अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में शराब, हेरोइन, मवेशी और चोरी का सामान बरामद किया गया. वहीं वाहन जांच अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 203 वाहनों से कुल 3,09,500 रुपये जुर्माना वसूला गया.
विभिन्न मामलों में हुई गिरफ्तारियां पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में शराब सेवन के मामले में 10, वारंट के आधार पर 5, शराब से जुड़े कांड में 4, पशु क्रूरता के मामले में 3, हत्या के मामले में 2, चोरी के मामले में 2, एनडीपीएस एक्ट के तहत 1 तथा अपहरण के मामले में 1 आरोपी शामिल हैं.
शराब, हेरोइन और वाहन किए गए जब्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने 945 लीटर देशी शराब, 46.25 लीटर महुआ शराब तथा 335.285 लीटर विदेशी शराब बरामद की. इसके अलावा 6.58 ग्राम हेरोइन, 28 मवेशी, दो मोटरसाइकिल, एक पिकअप वाहन, एक कंटेनर तथा 18 किलोग्राम तांबे का तार भी जब्त किया गया.
अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने बताया कि 23 जुलाई को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया. पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सघन अभियान लगातार जारी रहेगा.
