कैमूर : आर्मी जवान की मौत के बाद रामगढ़ में आक्रोश, तिरंगा लेकर थाना पहुंचे ग्रामीण, NH-319A जाम

Ramgarh Army Soldier Death : आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव की स्कॉर्पियो में जिंदा जलाए जाने की कोशिश के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया और चौथे फरार आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. उन्होंने NH-319A को भी जाम कर दिया.

Ramgarh Army Soldier Death : स्कॉर्पियो में बंद कर आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव को कथित रूप से जिंदा जलाने के प्रयास के मामले में बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. लखनऊ स्थित आर्मी अस्पताल में जवान ने दम तोड़ दिया. मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर रामगढ़ थाना पहुंचे.

चौथे आरोपित की गिरफ्तारी की मांग

रामगढ़ थाना पहुंचे ग्रामीणों ने फरार चौथे आरोपित की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने घटना में शामिल सभी आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने आरोपितों के लिए फांसी की सजा की मांग को लेकर भी नारे लगाए.

आक्रोशित परिजनों का प्रदर्शन

दुर्गा चौक पर NH-319A किया जाम

थाना परिसर के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने रामगढ़ के दुर्गा चौक पर NH-319A को जाम कर दिया. प्रदर्शनकारी पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए फरार आरोपित की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. सड़क जाम होने से मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही.

सात सितंबर को स्कॉर्पियो में जलाने का प्रयास

बताया गया कि सात सितंबर को रामगढ़ थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या एक स्थित सहुका गांव निवासी आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव को स्कॉर्पियो में बंद कर कथित रूप से आग लगाने का प्रयास किया गया था. घटना में जवान गंभीर रूप से झुलस गये थे. उनका पहले वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में इलाज कराया गया, जिसके बाद बेहतर उपचार के लिए लखनऊ स्थित आर्मी अस्पताल भेजा गया था.

फर्द बयान पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी

घायल जवान के फर्द बयान के आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. वहीं एक आरोपित अभी फरार बताया जा रहा है. जवान की मौत के बाद प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग इसी चौथे आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर है.

सुरक्षा को लेकर भारी पुलिस बल तैनात

प्रदर्शन और सड़क जाम की सूचना के बाद पुलिस-प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, एसडीएम रत्ना प्रियदर्शी, रामगढ़ थानाध्यक्ष सुमित कुमार समेत मोहनिया, रामगढ़, नुआंव और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया.

अधिकारियों ने लोगों को समझाने का किया प्रयास

प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते रहे. खबर लिखे जाने तक दुर्गा चौक पर जाम और प्रदर्शन जारी था. पुलिस-प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को शांत कराने की कोशिश की जा रही थी.

Also Read : कैमूर : स्कॉर्पियो में झुलसे आर्मी जवान की सात दिन बाद लखनऊ में मौत, जिंदा जलाने के आरोप में 3 गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय जायसवाल

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >