Kaimur News : कैमूर पुलिस ने अवैध वसूली और भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पशु लदी गाड़ियों की अवैध पासिंग कराने वाले लाइनर गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस मामले में पशु वाहन मालिक की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ मोहनिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
यूपी और बिहार के आठ लोग नामजद
पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी में उत्तर प्रदेश के कौशांबी निवासी सलमान, अफजल उल्लाह और अहमद, रोहतास निवासी राजू, शेरघाटी निवासी नाज और लद्दन मियां तथा खुर्माबाद निवासी सद्दाम कुरैशी और इकबाल कुरैशी को आरोपित बनाया गया है.
चालकों से पूछताछ में खुला नेटवर्क
कैमूर पुलिस द्वारा पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान जब्त वाहनों के चालकों से पूछताछ में यह जानकारी मिली कि कुछ दलाल और लाइनर रुपये लेकर पशु लदी गाड़ियों को अवैध तरीके से पार कराते हैं. जांच के बाद पुलिस ने ऐसे लोगों की पहचान की और उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की.
वाहन मालिक की शिकायत पर दर्ज हुई FIR
मोहनिया थाना क्षेत्र के बेलौड़ी गांव निवासी पशु वाहन मालिक सैय्यद संजीद के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यूपी से लेकर बिहार तक सक्रिय लाइनर गिरोह पैसे लेकर पशु वाहनों की अवैध पासिंग कराता है. आवेदन में आठ लोगों की पहचान करते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी.
17 दिनों में 394 गोवंशीय मवेशी बरामद
कैमूर पुलिस ने 7 जुलाई से 23 जुलाई के बीच चलाए गए अभियान में 394 गोवंशीय मवेशी बरामद किए, 35 तस्करों को गिरफ्तार किया तथा 15 वाहनों को जब्त किया. पुलिस के अनुसार, इस अवधि में सबसे अधिक कार्रवाई दुर्गावती थाना क्षेत्र में हुई. अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
थानाध्यक्ष ने क्या कहा
मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पशु वाहनों को पैसे लेकर अवैध तरीके से पार कराने के मामले में आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर लगातार छापेमारी की जा रही है.
