एक पेड़ मां के नाम अभियान-3.0 : कैमूर के स्कूलों में 22 जून से 30 सितंबर तक ग्रीन समर कैंप

कैमूर के रामपुर प्रखंड में पर्यावरण संरक्षण के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है. 'इको क्लब फॉर मिशन लाइफ' के तहत सभी स्कूलों को 'एक पेड़ मां के नाम 3.0' अभियान लागू करने का निर्देश दिया गया है. इसमें वृक्षारोपण और जागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं.

कैमूर के रामपुर प्रखंड में पर्यावरण संरक्षण को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने सभी सरकारी और निजी विद्यालयों को "इको क्लब फॉर मिशन लाइफ" के तहत "एक पेड़ मां के नाम 3.0" अभियान को अनिवार्य रूप से लागू करने का निर्देश दिया है. इस अभियान के तहत स्कूलों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण और जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे. विभाग ने साफ कर दिया है कि निर्धारित समय के भीतर लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले विद्यालयों पर कार्रवाई भी की जाएगी.

इस संबंध में लेखापाल हिमांशु शेखर पाण्डेय ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह निर्देश जिला कार्यक्रम पदाधिकारी और सर्व शिक्षा अभियान के आदेश के आलोक में जारी किया गया है. विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 2026 के अवसर पर इस अभियान की शुरुआत की गई थी, जिसे अब प्रखंड स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और सतत जीवनशैली की सोच विकसित करना है.

ग्रीन समर कैंप का आयोजन होगा

अभियान के तहत 22 जून 2026 से 30 सितंबर 2026 तक सभी विद्यालयों में ग्रीन समर कैंप आयोजित किया जाएगा. यह कैंप मिशन लाइफ के सात प्रमुख विषयों पर आधारित होगा. इसमें छात्रों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, जल और ऊर्जा संरक्षण, कचरा प्रबंधन और सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया जाएगा.

स्कूलों में इन विषयों पर गतिविधियां, प्रोजेक्ट और जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे, ताकि बच्चे व्यवहारिक रूप से इन बातों को समझ सकें और अपने जीवन में अपनाएं.

हर स्कूल में होगा वृक्षारोपण अनिवार्य

निर्देश के अनुसार सभी विद्यालयों को स्कूल परिसर, घर या सार्वजनिक स्थानों पर वृक्षारोपण कराना होगा. खास बात यह है कि इस अभियान के तहत किए गए हर कार्य का रिकॉर्ड रखना अनिवार्य होगा. वृक्षारोपण की तस्वीरें और गतिविधियों का पूरा विवरण मिशन लाइफ पोर्टल पर अपलोड करना जरूरी किया गया है.

साथ ही इको क्लब फॉर मिशन लाइफ पोर्टल पर भी संबंधित गतिविधियों का नोटिफिकेशन डालने का निर्देश दिया गया है. विभाग इस पूरे अभियान की निगरानी करेगा.

लक्ष्य पूरा नहीं किया तो होगी कार्रवाई

बीईओ ने सभी प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि तय समय सीमा के भीतर दिए गए लक्ष्य को हर हाल में पूरा करना होगा. यदि किसी विद्यालय द्वारा लापरवाही बरती गई तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी और इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी.

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि बच्चों के भविष्य और पर्यावरण की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है.

रामपुर में शुरू हो रहा यह अभियान आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव ला सकता है. अब जिम्मेदारी स्कूलों और शिक्षकों पर है कि वे इसे गंभीरता से लें और बच्चों को प्रकृति से जोड़ने का यह प्रयास जमीन पर सफल बनाएं.

Also Read: कैमूर: मोहनिया में मासूम की रहस्यमय मौत, पैर में कांटा चुभने की शिकायत; स्कूल से आने के कुछ ही देर बाद बिगड़ी तबीयत


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Raju kumar

Published by: Awanish

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >